Ambikapur Crime : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति और उसके समलैंगिक (गे) मित्र पर गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति और उसका दोस्त लगातार उस पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे। इस मामले के उजागर होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

चार साल पहले हुई थी शादी, बाद में खुला राज
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर की रहने वाली 25 वर्षीय पीड़िता (बदला हुआ नाम- श्वेता) का विवाह करीब चार वर्ष पहले स्थानीय निवासी राजेश (बदला हुआ नाम) के साथ संपन्न हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बीतने के बाद महिला के सामने एक हैरान करने वाली सच्चाई आई। उसे पता चला कि उसका पति समलैंगिक है।

‘गे डेटिंग ऐप’ के जरिए हुई दूसरे आरोपी से दोस्ती
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि लगभग छह महीने पहले उसका पति कामकाजी सिलसिले में राजस्थान गया हुआ था। वहां प्रवास के दौरान वह एक ‘गे डेटिंग ऐप’ का इस्तेमाल करने लगा। इसी ऐप के जरिए उसकी मुलाकात अंबिकापुर के महिला थाना के पास रहने वाले एक अन्य युवक से हुई, जो उस समय राजस्थान में ही रह रहा था।
तीन महीने पहले समलैंगिक पार्टनर को ले आया घर
ऐप पर हुई इस मुलाकात के बाद दोनों युवकों के बीच नजदीकियां काफी बढ़ गईं। हद तो तब हो गई जब करीब तीन महीने पहले पति उस युवक को राजस्थान से अपने साथ अंबिकापुर स्थित अपने घर ले आया। इसके बाद से ही दोनों आरोपी घर के भीतर समलैंगिक पार्टनर (Gay Partners) की तरह सरेआम साथ रहने लगे, जिसका पीड़िता ने विरोध भी किया।
पीड़िता के साथ दरिंदगी और नदी में फेंकने की धमकी
महिला का संगीन आरोप है कि घर आने के बाद पति के उस समलैंगिक दोस्त ने उसके साथ जबरन बलात्कार किया। इसमें उसका पति भी शामिल था। पिछले तीन महीनों से दोनों मिलकर महिला पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। जब महिला ने इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो पति ने उसे बेरहमी से पीटा और जुबान खोलने पर जान से मारकर नदी में फेंकने की धमकी दी।
जान बचाने के लिए बहन के घर छिपी पीड़िता
इस खौफनाक शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से बुरी तरह टूट चुकी पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकली। वह डर के मारे छिपकर अपनी दीदी (बहन) के घर रहने चली गई। हालांकि, आरोपी पति वहां भी धमक पड़ा और उसने महिला को धमकी दी कि यदि वह तुरंत घर वापस नहीं लौटी, तो वह उसे मौत के घाट उतार देगा।
गांधीनगर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी फरार
आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी पति और उसके दोस्त के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Read More : Anwar Ahmad Death : लालू यादव के करीबी अनवर अहमद नहीं रहे! बिहार राजनीति में शोक की लहर











