अंबिकापुर में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के परिचयात्मक सम्मेलन का आयोजन हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान कर आमजन तक निशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
अंबिकापुर में भाजपा विधि प्रकोष्ठ के परिचयात्मक सम्मेलन का आयोजन हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान कर आमजन तक निशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

Ambikapur News : भाजपा विधि प्रकोष्ठ, जिला सरगुजा ने संगठन को मजबूत करने के साथ आमजन तक कानूनी सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया। शनिवार को संकल्प भवन स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित परिचयात्मक सम्मेलन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मान समारोह में विधि क्षेत्र से जुड़े पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों और जनसेवा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में न्याय जगत में लंबे समय से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान भी किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्रथम सत्र में विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त और सक्रिय अधिवक्ताओं का परिचय कराया गया।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता पी.आर. कश्यप, लखन कश्यप, एस.के. पाण्डेय और एन.पी. सिंह को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके लंबे विधिक अनुभव और सेवाओं को याद किया गया।
पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता देवेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में आपातकाल के दौर के संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि उस समय राजनीतिक विरोधियों के लिए परिस्थितियां बेहद कठिन थीं और भय व दबाव का माहौल था। इसके बावजूद लोकतंत्र और सिद्धांतों की रक्षा के लिए कानूनी एवं वैचारिक संघर्ष जारी रखा गया।
उन्होंने कहा कि आज विधि प्रकोष्ठ से जुड़े अधिवक्ताओं की बड़ी टीम को देखकर संतोष और गर्व होता है। संघर्ष के दौर में बोए गए बीज आज संगठन के रूप में मजबूत वटवृक्ष का रूप ले चुके हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता पी.आर. कश्यप ने भी आपातकाल के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस दौर में न्यायपालिका और संविधान की मर्यादा की रक्षा करना बड़ी चुनौती थी। सीमित संसाधनों के बावजूद अधिवक्ताओं ने अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे वरिष्ठों के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लें तथा सत्य, निष्ठा और जरूरतमंदों को न्याय दिलाने के लिए लगातार काम करें।
विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। विधि प्रकोष्ठ आमजन और असहाय लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सक्रियता से काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि संकल्प भवन में प्रत्येक माह के दूसरे और तीसरे शनिवार को विधिक सहायता शिविर आयोजित किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक निशुल्क कानूनी सहायता और संरक्षण पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अधिवक्ताओं के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए भी प्रकोष्ठ काम करेगा।
समारोह को सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, नगर निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत सरगुजा अध्यक्ष निरूपा सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया, विद्यानंद मिश्रा एवं धनंजय मिश्रा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने विधि प्रकोष्ठ की गतिविधियों और समाजसेवा के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन विधि प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सम्पूर्णान्क गुप्ता ने किया। समापन अवसर पर अधिवक्ता पीयूष कुमार त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पार्टी नेतृत्व और उपस्थित अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष, अरुणा सिंह, मधुसूदन शुक्ला, विधि प्रकोष्ठ से जुड़े गौरांग सिंह, अशोक दुबे, विवेक सिंह, विनोद दुबे, सुदामा यादव, नितेश चंद्र शुक्ला, शैलेंद्र सिंह, उदय सिन्हा, मिथिलेश पाण्डेय, संजीव सेठ, श्याम लाल गुप्ता, अरविंद कन्नौजिया, राजेंद्र पैकरा, आशा तिवारी, अमरेंद्र गुप्ता, नीलम केशरवानी, संदीप तिवारी, ज्योति मंडल, साक्षी सिंह, अपूर्व विश्वकर्मा, मालती गुप्ता, नीलिमा टोप्पो, निशांत सिन्हा, कन्हैया साहू, सुरेंद्र साहू, सुनील गुप्ता, सुरेंद्र पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, हिमांशु गुंजन, केशव वर्मा, अनिल सिंह, डी.के. प्रसाद, मनीष सिंह, राजू गुप्ता, सोनू सोनी, आशुतोष शुक्ला, प्रभाकर सेठी, प्रीतम साहू, दिनेश प्रसाद साहू और महिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
