Ambikapur News : प्रदेश में स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन और नए स्वास्थ्य केंद्रों के गठन के बीच नेत्र सहायक अधिकारियों के पदों पर संकट गहराने लगा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किए जाने के दौरान नेत्र सहायक अधिकारियों के पद विलोपित किए जाने तथा नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सेटअप में इन पदों का प्रावधान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। इस गंभीर समस्या सहित पदोन्नति और सीधी भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में नेत्र सहायक अधिकारी प्रकोष्ठ की संभागीय बैठक आयोजित की गई।
24 नवंबर को आयोजित इस बैठक में प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल पांडेय, संभागीय सचिव दुर्गेश त्रिपाठी और जिला अध्यक्ष धनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नेत्र सहायक अधिकारी प्रकोष्ठ के संभागीय संयोजक ताराचंद यादव, सरगुजा जिला संयोजक आरती सारथी, बलरामपुर जिला संयोजक पंकज ठाकुर सहित सूरजपुर जिले के नेत्र सहायक अधिकारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों से प्रांतीय अध्यक्ष को अवगत कराया।

पद विलोपन से कर्मचारियों के भविष्य पर चिंता
बैठक में प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया गया कि प्रदेश में जिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जा रहा है, वहां नेत्र सहायक अधिकारियों के स्वीकृत पदों को समाप्त किया जा रहा है। वहीं, नए सृजित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सेटअप में भी नेत्र सहायक अधिकारी के पद का उल्लेख नहीं किया गया है। इससे पहले से पदस्थ कर्मचारियों के समायोजन, सेवा निरंतरता और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है।

इस समस्या के निराकरण के लिए समस्त नेत्र सहायक अधिकारियों की ओर से प्रांतीय अध्यक्ष अनिल पांडेय को ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने मांग की कि पदों के विलोपन की स्थिति में पहले से कार्यरत नेत्र सहायक अधिकारियों के हितों और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पदोन्नति और सीधी भर्ती का मुद्दा भी उठा
बैठक में विभागीय कर्मचारियों के उच्च शिक्षा एवं प्रशिक्षण के बाद पदोन्नति के अवसर सीमित होने का मुद्दा भी उठाया गया। कर्मचारियों का कहना था कि विभाग में लंबे समय से सीधी भर्ती शासन स्तर पर रोकी गई है। इसके चलते विभागीय कर्मचारियों के लिए पदोन्नति का चैनल भी प्रभावित हो रहा है।

नेत्र सहायक अधिकारियों ने मांग रखी कि प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके योग्य नेत्र सहायक अधिकारियों को सीधी भर्ती प्रक्रिया में अवसर और लाभ प्रदान किया जाए, ताकि उनके लिए करियर में आगे बढ़ने के रास्ते खुले रहें। बैठक में अनिल मिश्रा, अमित नापित, बेंजामिन एक्का, पुष्पराज, अमिता मिंज, विश्वजीत मतवार, सुमन सिंह, जयप्रकाश सहित सरगुजा संभाग के समस्त उपस्थित नेत्र सहायक अधिकारी शामिल हुए।

