Petrol Ethanol Blending : देश में पेट्रोल के साथ एथनॉल मिलाने की नीति को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्नाटक के बाद अब केरलम सरकार ने भी पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल मिलाए जाने की आशंका पर जांच शुरू कर दी है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तेल कंपनियों से 100 प्रतिशत एथनॉल-मुक्त पेट्रोल के नमूने उपलब्ध कराने का निर्देश देने की मांग की है।
केरलम सरकार ने पेट्रोल पंपों से जुटाए नमूने
केरलम के नागरिक आपूर्ति विभाग ने इस महीने की शुरुआत में सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों से पेट्रोल के नमूने एकत्र किए थे। इन नमूनों को जांच के लिए क्षेत्रीय रासायनिक प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। सरकार यह पता लगाना चाहती है कि राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा के भीतर है या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

कर्नाटक में 31 प्रतिशत से ज्यादा एथनॉल मिलने का दावा
इस विवाद की शुरुआत कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के आरोपों से हुई थी। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने दावा किया था कि निजी प्रयोगशाला में कराई गई जांच के दौरान पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल पाया गया। उनके मुताबिक, इंडियन ऑयल के पेट्रोल में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल में 30.5 प्रतिशत एथनॉल मिला था। हालांकि केंद्र सरकार और संबंधित तेल कंपनियों ने इन दावों को खारिज करते हुए नमूने लेने और जांच करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।

तेल कंपनियों ने एथनॉल-मुक्त पेट्रोल देने से किया इनकार
मंत्री अनूप जैकब के अनुसार, केरलम की रासायनिक परीक्षक प्रयोगशालाओं ने पेट्रोल की सही जांच और तुलना के लिए 100 प्रतिशत एथनॉल-मुक्त पेट्रोल की जरूरत बताई है। ऐसे नमूने उपलब्ध कराने की क्षमता मुख्य रूप से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन जैसी कंपनियों के पास है।
जैकब ने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों ने शुरुआत में नमूने देने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में अपने वादे से पीछे हट गईं। अधिकारियों की कई कोशिशों के बावजूद नमूने उपलब्ध नहीं कराए गए। इसलिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।

E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र और राज्यों में टकराव
भारत में पेट्रोल में अधिकतम 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाने की अनुमति है। केंद्र सरकार E20 ईंधन को वैज्ञानिक शोध और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की मंजूरी के आधार पर लागू की गई नीति बताती है। दूसरी ओर, कुछ राज्य सरकारें निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल मिलाए जाने की आशंका जता रही हैं। उनका कहना है कि ईंधन की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
E20 पर सवाल उठाने वालों को केंद्रीय मंत्री ने दिया जवाब
पिछले सप्ताह केंद्रीय पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने E20 ईंधन को लेकर उठाए जा रहे सवालों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि एथनॉल ब्लेंडिंग पर सवाल उठाने वाले लोगों को विज्ञान की पर्याप्त जानकारी नहीं है। हालांकि, राज्यों की ओर से जांच की मांग जारी है।
मिलावट मिली तो तेल कंपनियों पर होगी कार्रवाई
केरलम सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच का उद्देश्य तेल कंपनियों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना नहीं, बल्कि पेट्रोल की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। मंत्री अनूप जैकब ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में निर्धारित सीमा से अधिक एथनॉल या मिलावट की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

