Ambikapur News : संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में कुलपति और कुलसचिव के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब एक बड़े प्रशासनिक फैसले के साथ नए मोड़ पर पहुंच गया है। राजभवन के निर्देश पर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को कुलसचिव का प्रभार सौंपा गया है। उन्हें वित्तीय प्रभार की जिम्मेदारी भी दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, राज्यपाल के अवर सचिव, लोक भवन रायपुर द्वारा जारी पत्र के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। आदेश में डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी को प्रभारी कुलसचिव के दायित्वों से तत्काल प्रभाव से भारमुक्त करने का उल्लेख है।

वहीं, उप कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से कुलसचिव पद का प्रभार सौंपा गया है। उन्हें वित्तीय प्रभार भी दिया गया है। यह आदेश कुलपति की अनुमति से सहायक कुलसचिव (स्थापना) द्वारा जारी किया गया है।


कुलपति ने कुलसचिव की योग्यता पर उठाए थे सवाल
विश्वविद्यालय में कुलपति और कुलसचिव के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि कुलपति ने कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी की शैक्षणिक योग्यता और कुलसचिव पद के लिए उनकी पात्रता को लेकर सवाल उठाए थे। इस संबंध में कुलपति की ओर से राजभवन को पत्र भी लिखा गया था।

इसके बाद अब राजभवन के निर्देश पर उन्हें कुलसचिव के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। इस घटनाक्रम को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक विवाद में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
प्रतिनियुक्ति पर कुलसचिव बनाए गए थे त्रिपाठी
जानकारी के अनुसार, डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी जनकपुर स्थित शासकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत थे। राज्य शासन द्वारा उन्हें प्रतिनियुक्ति पर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कुलसचिव की जिम्मेदारी सौंपकर भेजा गया था। राजभवन के निर्देश के बाद जारी नए आदेश से विश्वविद्यालय में कुलसचिव की जिम्मेदारी अब प्रवीण कुमार अग्रवाल संभालेंगे। फिलहाल उन्हें यह प्रभार आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से दिया गया है।

