Farmer Success Story : खेती में लगातार बढ़ती लागत, मिट्टी की घटती उर्वरता और मौसम में हो रहे बदलाव ने किसानों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ के एक किसान ने आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर सफलता की मिसाल पेश की है। जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम कुकरभूका निवासी किसान रामनरेश पटेल ने रेज्ड बेड प्लांटर मशीन की मदद से दलहन की खेती को फायदे का व्यवसाय बना दिया है। इस तकनीक से खेती करने पर उन्हें प्रति हेक्टेयर करीब 90 हजार से एक लाख रुपये तक का मुनाफा हो रहा है।
200 एकड़ में खेती, पारंपरिक फसल चक्र में किया बदलाव
किसान रामनरेश पटेल लगभग 200 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं। पहले उनका मुख्य फोकस धान और गेहूं की पारंपरिक खेती पर रहता था। लगातार एक ही तरह की फसलें लेने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने लगी थी। इसके अलावा फसलों में कीट और बीमारियों की समस्या भी बढ़ने लगी थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने खेती के पुराने तरीके में बदलाव करने का फैसला किया। उन्होंने फसल विविधीकरण को अपनाते हुए उड़द, मटर और सोयाबीन जैसी दलहनी फसलों की खेती शुरू की। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और आमदनी बढ़ाने की दिशा में उन्हें बेहतर परिणाम मिलने लगे।

खेतों में जलभराव की समस्या से परेशान हुए किसान
दलहन की खेती शुरू करने के बाद रामनरेश पटेल के सामने सबसे बड़ी चुनौती जलभराव की थी। उनके खेतों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि बारिश के मौसम में खेतों में पानी जमा हो जाता है। शुरुआत में उन्होंने उड़द की खेती की, लेकिन अत्यधिक पानी भरने के कारण फसल को नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए आधुनिक कृषि मशीनों की जानकारी जुटाई और रेज्ड बेड प्लांटर तकनीक अपनाने का निर्णय लिया।

1.25 लाख रुपये की मशीन ने बदल दी खेती की तस्वीर
रामनरेश पटेल ने लगभग 1.25 लाख रुपये खर्च करके रेज्ड बेड प्लांटर मशीन खरीदी। इस मशीन की खासियत यह है कि इससे खेत में ऊंची क्यारियां और उनके बीच पानी निकासी के लिए नालियां तैयार होती हैं। बीज की बोनी भी इसी प्रक्रिया के दौरान की जाती है। बारिश होने पर अतिरिक्त पानी नालियों के रास्ते बाहर निकल जाता है। इससे पौधों की जड़ों में पानी जमा होने की समस्या कम होती है और फसल को जलभराव से बचाने में मदद मिलती है।
एक मशीन से बोनी और खाद डालने का काम आसान
रेज्ड बेड प्लांटर मशीन से बीज निर्धारित दूरी और उचित गहराई पर बोए जा सकते हैं। इसके साथ ही डीएपी जैसे उर्वरकों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इससे पौधों को बेहतर तरीके से बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिलती हैं। मशीन से तैयार ऊंची क्यारियों के कारण जल निकासी बेहतर होती है और फसल में कीट एवं रोगों का खतरा कम करने में भी मदद मिलती है। इससे मजदूरी, समय और खेती की लागत बचती है। धान को छोड़कर अधिकांश फसलों की बोनी इस मशीन से की जा सकती है।

प्रति हेक्टेयर 90 हजार से एक लाख रुपये तक कमाई
रामनरेश पटेल बताते हैं कि पारंपरिक खेती में कई बार लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता था। लेकिन आधुनिक मशीन और फसल विविधीकरण अपनाने के बाद उनकी आमदनी में सुधार हुआ है। वर्तमान में उन्हें प्रति हेक्टेयर लगभग 90 हजार से एक लाख रुपये तक का मुनाफा मिल रहा है।
अब काली मिर्च और सरसों की खेती करेंगे रामनरेश
दलहन की खेती में सफलता मिलने के बाद रामनरेश पटेल अब नए कृषि प्रयोग करने की तैयारी में हैं। वे भविष्य में काली मिर्च की खेती शुरू करना चाहते हैं। इसके साथ ही आगामी रबी सीजन में सरसों की फसल लगाने की योजना भी बना रहे हैं। उनका यह प्रयोग दूसरे किसानों को भी आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रेरित कर सकता है।
Read More : Yogi on SP Roadshow : मासूम की मौत पर भड़के CM योगी, सपा को दी चेतावनी

