अंबिकापुर में पारिवारिक विवाद के चलते ससुर की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चाकू से हमले के बाद बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हुई। मामले में मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
अंबिकापुर में पारिवारिक विवाद के चलते ससुर की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चाकू से हमले के बाद बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हुई। मामले में मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Ambikapur News : सरगुजा जिले के अंबिकापुर में बुधवार को पारिवारिक विवाद से जुड़ी साजिश में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। रसूलपुर में 16 सितंबर की सुबह किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे तीन लोगों ने बुजुर्ग पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की बेटी का अपने पति के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है और इसी पारिवारिक विवाद को हत्या की साजिश की वजह बताया जा रहा है।


पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर स्थित प्रार्थिया सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रार्थिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान को लेकर बातचीत शुरू की।

आरोप है कि बातचीत के दौरान तीनों ने आपस में मिलकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रार्थिया ने पुलिस को बताया कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ न्यायालय में तलाक का प्रकरण चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर प्रार्थिया और उसके मायके के परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 दर्ज कर धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके से साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई। सीमावर्ती मार्गों पर भी पुलिस टीमों ने वाहनों की सघन जांच की।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान नामजद आरोपी मो. नाजिम शबा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने ससुर की हत्या करवाने के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय करने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसने चैनपुर, पलामू से कंचन कुमार और अन्य लोगों को अंबिकापुर बुलाया था। आरोप है कि अंबिकापुर पहुंचने के बाद आरोपियों को अजिरमा में गुड्डू उर्फ नेजारूउद्दीन के किराए के कमरे में ठहराया गया, जहां हत्या की योजना बनाई गई।
तकनीकी संसाधनों की मदद से पुलिस ने दूसरे आरोपी कंचन कुमार की तलाश की और उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कंचन ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को घटनास्थल के पास छिपाने की जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने टीवीएस मोटरसाइकिल, घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े और बस टिकट जब्त किया है।
पुलिस ने मामले में नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने भी घटना कारित करने की बात स्वीकार की।
वसीरुद्दीन सिद्दीकी की इलाज के दौरान मौत होने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी। इसके साथ ही पुलिस के मुताबिक आपराधिक साजिश और साक्ष्य छिपाने के तथ्य सामने आने पर धारा 61(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपराध के साक्ष्य पाए जाने के बाद नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह सहित पुलिस टीम और साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम सक्रिय रही। तकनीकी साक्ष्यों और नाकेबंदी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
