अंबिकापुर के रसूलपुर हत्याकांड में पुलिस ने चौथे आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को झारखंड के पलामू से गिरफ्तार किया। आरोपी से देसी पिस्टल, चाकू, 6 जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया।
अंबिकापुर के रसूलपुर हत्याकांड में पुलिस ने चौथे आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को झारखंड के पलामू से गिरफ्तार किया। आरोपी से देसी पिस्टल, चाकू, 6 जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया।

Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के रसूलपुर इलाके में ससुर की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चौथे आरोपी को झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल, नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।


पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर स्थित सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। वहां उन्होंने सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत शुरू की। इसी दौरान तीनों ने कथित तौर पर मिलकर वसीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में प्रार्थिया ने बताया कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में पति की ओर से प्रार्थिया और उसके मायके के परिवार को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।
मामले में थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 दर्ज कर धारा 101(1), 109(1), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई। विवेचना के दौरान अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।


घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकेबंदी और सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया था। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
पुलिस की तलाश के दौरान प्रकरण में शामिल आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता के झारखंड के पलामू जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे चैनपुर, पलामू से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता, पिता भरदुल साव, 25 वर्ष, निवासी ग्राम खुटार खुर्द, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल, एक नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपी ने घटना के दौरान पहने कपड़ों को रास्ते में फेंकने की बात बताई है, हालांकि पुलिस के अनुसार अभी कपड़े बरामद नहीं हुए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम ने कार्रवाई की।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए, जबकि साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, एएसआई अदीप प्रताप सिंह, विवेक पाण्डेय, देवनारायण यादव समेत प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सतीश सिंह, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा और आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, शिवमांगल सिंह, कुश सोनी तथा नगर सैनिक दशरथ राजवाड़े शामिल रहे।
साइबर सेल की टीम में प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, विकास सिन्हा तथा आरक्षक जितेश साहू, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा सक्रिय रहे।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
