अंबिकापुर में कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं ने धर्मनिरपेक्षता, संगठन, आदिवासी अधिकार और सोशल मीडिया पर प्रशिक्षण दिया।
अंबिकापुर में कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं ने धर्मनिरपेक्षता, संगठन, आदिवासी अधिकार और सोशल मीडिया पर प्रशिक्षण दिया।

Ambikapur News : सरगुजा संभाग स्तरीय कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत अन्य वक्ताओं ने राजनीति में धर्म के उपयोग, धर्मनिरपेक्षता, सत्ता-संगठन के समन्वय, आदिवासी अधिकार, संगठन निर्माण और सोशल मीडिया जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक कुल सात सत्र आयोजित किए गए।


प्रशिक्षण परिसर में स्थापित प्रभु गणेश जी की पूजा-अर्चना के साथ दूसरे दिन के सत्रों की शुरुआत हुई। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज सहित प्रशिक्षण में पहुंचे नेताओं, प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद निर्धारित विषयों पर प्रशिक्षण सत्र शुरू हुए।


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनीति में धर्म के उपयोग और धर्मनिरपेक्षता विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अपनी असफलताओं और नाकामियों को छिपाने के लिए देश में धार्मिक वैमनस्य का माहौल तैयार किया जा रहा है। बघेल ने कहा कि अब सरकार की कथित नाकामियों की चर्चा सार्वजनिक रूप से हो रही है।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सत्ता और संगठन के बीच समन्वय विषय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल से जनता की अपेक्षाओं को सही तरीके से सामने लाने और उनके निराकरण में मदद मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छोटे से छोटे जनहित के मुद्दे को मजबूती के साथ सत्ता तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के प्रथम वक्ता एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी ने आदिवासी समुदाय के विकास में कांग्रेस के योगदान पर चर्चा की। उन्होंने मूल निवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकार से जुड़े मुद्दों के साथ ही पेसा कानून की विभिन्न बारीकियों की जानकारी प्रशिक्षुओं को दी।

दिन के अंतिम सत्र को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संबोधित किया। उन्होंने संगठन निर्माण, कार्यकर्ताओं के दायित्व और संगठन के महत्व को विस्तार से समझाया। बूथ स्तर तक तैयार संगठन को प्रभावी दिशा देने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर भी उन्होंने जानकारी दी।
कांग्रेस के संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने संचार सदनों के सदुपयोग सहित स्वतंत्रता आंदोलन में आरएसएस की भूमिका और कांग्रेस द्वारा लगाए गए कथित राष्ट्रभक्ति संबंधी आरोपों को उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया।
वहीं सोशल मीडिया से जुड़े सत्र को मणि वैष्णव ने संबोधित किया। कांग्रेस के कार्यक्रमों की ऑनलाइन व्यवस्था और कनेक्ट कांग्रेस की प्रक्रियाओं पर दीपक मिश्रा ने प्रशिक्षुओं को जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह 7 बजे कांग्रेस के ध्वज वंदन के साथ हुई। कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष अरुण ताम्रकर, सेवादल के सरगुजा संभाग प्रभारी विनीत विशाल जायसवाल और सेवादल जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार की अगुवाई में ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद शहर के योग प्रशिक्षक अजय तिवारी ने प्रशिक्षुओं को करीब एक घंटे तक योग का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन 17 सितंबर को नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पेपर लीक सहित छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सत्र को संबोधित करेंगे। महंत का अंबिकापुर आगमन हो चुका है।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन कर रहे कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन मलकीत गैदु ने बताया कि अंतिम दिन प्रशिक्षु ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का यह दौर आगे भी जारी रखने की उम्मीद है और इससे कांग्रेस को बूथ स्तर तक संगठनात्मक रूप से बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
