Ambikapur News : तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जारी पटवारियों की हड़ताल अब प्रशासन और राजस्व पटवारी संघ के बीच टकराव का रूप लेती नजर आ रही है। काम पर लौटने के सख्त निर्देश और कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद पटवारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। सोमवार को अंबिकापुर के घड़ी चौक पर पटवारियों ने जमकर नारेबाजी की और शासन पर आंदोलन को दबाने के लिए दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाया। इस दौरान पटवारियों ने कलेक्टर कार्यालय से जारी कारण बताओ नोटिस की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। संघ ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
नोटिस जारी होने के बाद सड़क पर उतरे पटवारी
शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद सोमवार को सरगुजा जिले के राजस्व पटवारी अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे रहे। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर आंदोलनरत पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में पटवारी संघ के पदाधिकारी और सदस्य अंबिकापुर के हड़ताली चौक पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए नोटिस की प्रतियां जलाईं।

संविधान ने मांग रखने का अधिकार दिया: संघ
राजस्व पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अपनी मांग रखने का अधिकार दिया है। शासन दमनात्मक कार्रवाई कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास कर रहा है, जो उचित नहीं है। वहीं डिम्पल गुप्ता ने कहा कि पदोन्नति सभी का अधिकार है और पटवारी इसे लेकर रहेंगे। संघ पदाधिकारियों ने दोहराया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी।

संभाग के 819 पटवारियों को काम पर लौटने का निर्देश
इधर, सरगुजा संभाग में हड़ताल के चलते प्रभावित हो रहे राजस्व कार्यों को देखते हुए संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने सभी छह जिलों के 819 हड़ताली पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया है कि हड़ताल पर गए पटवारियों को नोटिस जारी कर तत्काल कर्तव्य पर उपस्थित होने और कार्यभार ग्रहण करने के लिए कहा जाए। साथ ही संबंधित तहसीलदार के माध्यम से उसी दिन व्यक्तिगत रूप से लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित तिथि पर मुख्यालय में उपस्थित नहीं होने और स्पष्टीकरण नहीं देने की स्थिति में एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

छह जिलों में जारी हुए शो-कॉज नोटिस
संभाग के छह जिलों में नोटिस जारी किए गए पटवारियों की संख्या इस प्रकार है सूरजपुर – 192, सरगुजा – 216, कोरिया – 60, एमसीबी – 51, जशपुर – 150 और बलरामपुर – 150 यानी इस तरह कुल 819 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मंगलवार तक काम पर नहीं लौटने पर कार्रवाई
कलेक्टर अजीत वसंत ने पटवारियों को हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मंगलवार तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले पटवारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अब सबकी नजरें मंगलवार पर टिकी हैं कि पटवारी काम पर लौटते हैं या अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखते हैं।


