Ambikapur News : खेत से काम पूरा कर घर लौट रहे 55 वर्षीय ग्रामीण के लिए नदी पार करना जानलेवा साबित हुआ। घुनघुट्टा डेम के मछली नदी को तैरकर पार करने के दौरान वह गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कई घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद उनका शव बरामद किया जा सका।

दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सनबरसा निवासी बंधु राम खेती के सिलसिले में घुनघुट्टा डेम के मछली नदी के दूसरी ओर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि खेती का काम पूरा करने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहे थे। नदी पार करने के लिए उन्होंने पानी में उतरकर तैरने का प्रयास किया, लेकिन बीच नदी में पहुंचते ही अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

बंधु राम के काफी देर तक घर नहीं पहुंचने और नदी में डूबने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उनकी तलाश शुरू की। कई घंटे तक चले खोज अभियान के बाद ग्रामीणों को सफलता मिली और बंधु राम का शव पानी से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना परिजनों द्वारा दरिमा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद सनबरसा गांव में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर घटना के संबंध में आवश्यक जांच और कार्रवाई की जा रही है।











