अंबिकापुर के रसूलपुर में वृद्ध बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू की चाकू मारकर हत्या। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि हत्या की कथित साजिश के आरोप में दामाद हिरासत में है। झारखंड से कथित सुपारी किलर बुलाने का खुलासा।
अंबिकापुर के रसूलपुर में वृद्ध बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू की चाकू मारकर हत्या। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि हत्या की कथित साजिश के आरोप में दामाद हिरासत में है। झारखंड से कथित सुपारी किलर बुलाने का खुलासा।

Update Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह घर में घुसकर वृद्ध पर किए गए जानलेवा चाकू हमले के मामले में गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू 70 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि हत्या की साजिश रचने के आरोप में मृतक के दामाद को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर झारखंड से सुपारी लेकर तीन सुपारी किलर अंबिकापुर पहुंचे थे।


मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने पूरे संभाग में नाकाबंदी कर फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू बुधवार सुबह अपने घर पर थे। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावर अचानक घर के भीतर घुस आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद हमलावरों ने उन पर चाकू से लगातार वार किए। हमले के दौरान बशीरुद्दीन ने बचने के लिए संघर्ष भी किया। परिजनों के शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। हमले में वृद्ध को गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही गिर पड़े।
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उन्हें पहले मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां पुलिस केस होने की बात कहकर इलाज नहीं किए जाने का परिजनों ने आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें फिरदौही अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चाकू का वार किडनी के पास लगने से गंभीर आंतरिक चोट आई थी।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे कथित सुपारी किलिंग की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, झारखंड के पाकी क्षेत्र से कथित तौर पर तीन शूटरों को हत्या के लिए अंबिकापुर बुलाया गया था। हमले के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के दामाद की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस ने उसे तकिया क्षेत्र से हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि उसने अपने ससुर की हत्या के लिए सुपारी देकर झारखंड से सुपारी किलर बुलाए थे।
बताया जा रहा है कि मृतक की बेटी के ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए संभाग के पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया है। साइबर सेल समेत पुलिस की कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा और एसएसपी राजेश अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली। मामले में पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों के पास पिस्टल भी थी। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में गोली चलने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि हमलावरों ने चाकू से हमला किया है और गोली चलने के साक्ष्य फिलहाल नहीं मिले हैं। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सुपारी किसने दी, इसके पीछे की वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले साक्ष्य, आरोपियों के मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
