Ambikapur Crime
Ambikapur Crime : अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र के बहेरापारा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की नृशंस हत्या कर दी। घटना की संवेदनहीनता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्या के बाद आरोपी बेटा दुकान पर जाकर बिरयानी खाया और फिर घर आकर चैन की नींद सो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में इस जघन्य अपराध को महज एक “गलती” (बाय मिस्टेक) करार दिया है।
जानकारी के अनुसार, बहेरापारा निवासी 50 वर्षीय पारस केरकेट्टा अपने अलग मकान में रहते थे। वहीं उनका छोटा बेटा प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (25 वर्ष) पास के ही एक किराए के कमरे में रहता था। सोमवार की रात करीब 11 बजे प्रभात अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर अपने पिता के घर पहुँचा। बेटे की शराब पीने की लत से परेशान पिता ने उसे डांटना शुरू कर दिया। पिता की नाराजगी प्रभात को नागवार गुजरी और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रभात ने अपना आपा खो दिया।
विवाद के दौरान गुस्से में पागल प्रभात ने घर में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) उठा ली। उसने अपने पिता पारस के सिर पर एक के बाद एक कई बार वार किए। वार इतने घातक थे कि पारस के सिर से अत्यधिक खून बहने लगा और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। जब प्रभात को अहसास हुआ कि उसके पिता की सांसें थम चुकी हैं, तो उसने साक्ष्य छिपाने की कोशिश शुरू कर दी। उसने पिता के शव को घसीटकर घर के बगल में बनी एक छोटी पानी की टंकी के अंदर डाल दिया ताकि किसी को शक न हो।
इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी का व्यवहार रहा। पिता की हत्या करने और शव को टंकी में ठिकाने लगाने के बाद प्रभात के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। वह सीधे पास की एक दुकान पर गया, वहाँ इत्मीनान से बिरयानी खाई और वापस अपने कमरे पर आकर कंबल ओढ़कर सो गया। उसकी इस बेरुखी ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। पड़ोसियों को रात में हुए शोर-शराबे और विवाद की भनक लग चुकी थी, जिसके आधार पर उन्होंने सुबह पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने जब प्रभात को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस के सामने बड़े ही ठंडे दिमाग से कहा कि उसने जो कुछ भी किया वह गुस्से में “बाय मिस्टेक” (गलती से) हो गया। मंगलवार की सुबह फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में पुलिस ने पानी की टंकी से पारस केरकेट्टा का शव बाहर निकाला। शव के सिर पर कुल्हाड़ी के गहरे जख्म पाए गए हैं।
थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या का मुख्य कारण शराब के सेवन को लेकर हुआ घरेलू विवाद सामने आया है। आरोपी प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।
Strait of Hormuz Reopening : पश्चिम एशिया में युद्ध के बादलों और गहराते कूटनीतिक गतिरोध…
NCB Drug Bust : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने नशीली दवाओं के तस्करों के खिलाफ…
Raja Shivaji Box Office : मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवगाथा अब…
Petrol Diesel Prices : भारत में आम जनता की जेब पर महंगाई की एक और…
SECR Cancelled Trains : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से सफर करने…
UPI without PIN : भारत में डिजिटल क्रांति हर दिन एक नया मोड़ ले रही…
This website uses cookies.