Ambikapur News : स्वतंत्रता दिवस के पूर्व अंबिकापुर के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम केदमा में राष्ट्रभक्ति, विकास और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला। ग्राम केदमा में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामवासियों को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने 2 करोड़ 42 लाख की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया तथा महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
एक ओर हाथों में तिरंगा लेकर निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की सौगात ने ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई उम्मीद जगाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम उत्साह और उमंग से भर उठा।
तिरंगे के साथ गूंजे भारत माता के जयकारे
ग्राम केदमा में निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। युवाओं के साथ महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस यात्रा ने क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।
तिरंगा यात्रा में शामिल होकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और समाज में एकता तथा भाईचारे का संदेश देते हैं। ग्राम केदमा की तिरंगा यात्रा भी इसी राष्ट्रभावना की सशक्त अभिव्यक्ति है।
2.42 करोड़ के विद्युत सब-स्टेशन से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था

ग्राम केदमा में 2 करोड़ 42 लाख की लागत से निर्मित विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस विद्युत अधोसंरचना के शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलने और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण जीवन में बिजली की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर विद्युत आपूर्ति से घरेलू जरूरतों के साथ शिक्षा, कृषि, छोटे व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। ग्रामीणों ने विद्युत सब-स्टेशन के लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की मूलभूत सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों तक भी मजबूत अधोसंरचना के साथ पहुंचे। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा ग्रामीण विकास की आधारशिला है और इसके विस्तार से गांवों में विकास की संभावनाएं और मजबूत होती हैं।
महतारी सदन का भूमिपूजन, महिलाओं को मिलेगा सशक्त मंच
ग्राम केदमा में महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रस्तावित यह सदन महिला समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक गतिविधियों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित होगा।
महतारी सदन के माध्यम से महिलाओं को गांव में ही एक व्यवस्थित और सुविधाजनक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है। इससे महिला समूहों की गतिविधियों को बेहतर स्थान मिलने के साथ महिलाओं की सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा। शासन की महिला केंद्रित योजनाओं एवं जागरूकता गतिविधियों के संचालन में भी यह सदन उपयोगी साबित हो सकता है।
महतारी सदन के भूमिपूजन के अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हमारी माताएं-बहनें जितनी सशक्त होंगी, छत्तीसगढ़ उतना ही समृद्ध और मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। महिलाओं को बेहतर सुविधाएं, अवसर और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना विकास की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने महतारी सदन के भूमिपूजन पर क्षेत्र की समस्त मातृशक्ति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सहभागिता, संवाद और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए शासन और मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
Read More : Ambikapur Farmers Satyagraha : किसानों ने अपनाया अनोखा विरोध तरीका, मवेशियों संग कलेक्ट्रेट पहुंचने से मचा हड़कंप