Balaghat Murder Case : मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगलपुर में एक बेटे पर अपने ही 80 वर्षीय पिता की जिंदा जलाकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी पुत्र अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन और पिता की पेंशन से जुड़ा विवाद सामने आया है।
घर के अंदर मिला था बुजुर्ग का अधजला शव
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को ग्राम सोगलपुर में रहने वाले दुलेश्वर खोब्रागढ़े का शव उनके घर के अंदर अधजली अवस्था में मिला था। बुजुर्ग की उम्र करीब 80 वर्ष थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में पता चला कि दुलेश्वर अपने बेटों के साथ नहीं रहते थे और अकेले ही जीवन बिता रहे थे। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें आंखों से कम दिखाई देता था और सुनने में भी परेशानी होती थी।

बेटी को जमीन देने से नाराज था छोटा बेटा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दुलेश्वर ने अपनी बेटी को अपने पास ही रहने के लिए बुला लिया था। उन्होंने बेटी को रहने के लिए अपनी जमीन का कुछ हिस्सा भी दिया था। बताया जा रहा है कि इसी बात से उनका छोटा बेटा अनिल नाराज रहता था। उसे लगता था कि पिता द्वारा बेटी को जमीन देने से उसके हिस्से में आने वाली संपत्ति कम हो जाएगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता की पेंशन और अन्य आर्थिक राशि पर भी अपना अधिकार चाहता था।

पिता को खाना देने पर बहन से भी होता था विवाद
एसडीओपी दीपक सिंह तोमर के मुताबिक, आरोपी अनिल अपने पिता को नियमित रूप से खाना भी नहीं देता था। हालांकि, उसकी बहन चोरी-छिपे बुजुर्ग पिता के लिए भोजन और पानी पहुंचाती थी। इस बात को लेकर अनिल अपनी बहन से भी विवाद करता था। पुलिस की जांच में पेंशन की रकम को लेकर भी नाराजगी सामने आई है। आरोपी चाहता था कि पिता को मिलने वाली पेंशन और अन्य आर्थिक लाभ का इस्तेमाल वह अपनी सुविधाओं के लिए कर सके।
बहन और पत्नी से विवाद के बाद रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को अनिल का अपनी बहन और पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इस झगड़े के बाद उसने अपने पिता की हत्या की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि अगले दिन यानी 14 नवंबर की रात उसने पेट्रोल की व्यवस्था की। इसके बाद कथित तौर पर वह अपने पिता को घर की दीवार के एक कोने में ले गया और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई।

वारदात के बाद वाहन लेकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अगले दिन सुबह अपने वाहन से वहां से फरार हो गया था। अनिल फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। उसकी बहन ने भी उसे वाहन से जाते हुए देखा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए।
एफएसएल जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के साथ ही बुजुर्ग दुलेश्वर की संदिग्ध मौत का मामला हत्या के रूप में सामने आया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

