24 November Public Holiday : छत्तीसगढ़ में नवंबर महीने के आखिरी सप्ताह में एक और सार्वजनिक छुट्टी मिलने जा रही है। गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को प्रदेश में अवकाश रहेगा। इस दिन सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में नियमित कामकाज बंद रहने की जानकारी दी गई है। बैंकों में भी छुट्टी रहने की बात कही गई है। ऐसे में सरकारी कामकाज या बैंक से जुड़े जरूरी कार्य कराने की योजना बना रहे लोगों को अपनी तारीख और समय में बदलाव करना पड़ सकता है।
स्कूलों में भी रहेगी छुट्टी, बच्चों को मिलेगी राहत
दिवाली, भाई दूज, छठ और देवउठनी पर्व के बाद नवंबर में विद्यार्थियों को एक और छुट्टी मिलने वाली है। 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के कारण स्कूलों में भी अवकाश रहेगा। इससे बच्चों को पढ़ाई और रोजमर्रा की व्यस्तता के बीच एक दिन का अतिरिक्त आराम मिलेगा। हालांकि, स्कूलों की ओर से जारी स्थानीय सूचनाओं को भी देख लेना उचित होगा, ताकि छुट्टी को लेकर किसी तरह का भ्रम न रहे।

गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व क्यों है खास?
गुरु नानक देव जयंती सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव यानी प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाती है। यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन आता है। सिख समुदाय के लिए यह वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक अवसरों में से एक है। इस दिन श्रद्धालु गुरुद्वारों में माथा टेकते हैं और गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।

गुरुद्वारों में अरदास, कीर्तन और लंगर का आयोजन
प्रकाश पर्व पर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो जाती है। गुरुवाणी का पाठ, कीर्तन और विशेष अरदास के साथ गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद किया जाता है। कई स्थानों पर प्रभात फेरियां निकाली जाती हैं। इसके अलावा लंगर का आयोजन होता है, जहां जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
नवंबर की आखिरी प्रमुख सार्वजनिक छुट्टी
नवंबर का महीना इस बार त्योहारों और छुट्टियों के लिहाज से खास रहा। दीपावली, भाई दूज, छठ और देवउठनी पर्व के चलते अलग-अलग अवसरों पर स्कूलों और कई संस्थानों में अवकाश रहा। अब 24 नवंबर की गुरु नानक जयंती की छुट्टी महीने के अंतिम सप्ताह का प्रमुख सार्वजनिक अवकाश होगी। इसके बाद लोगों को दिसंबर महीने की छुट्टियों का इंतजार रहेगा।


रायपुर में निकला भव्य नगर कीर्तन
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर राजधानी रायपुर में भी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। रविवार को स्टेशन रोड गुरुद्वारा से पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। फूलों से सजी गुरुग्रंथ साहिब की सवारी के साथ श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा के माहौल में आगे बढ़े। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग शामिल हुए।
गतका प्रदर्शन और सेवा की झांकियों ने खींचा ध्यान
नगर कीर्तन के दौरान कई स्थानों पर गतका दलों ने पारंपरिक शौर्य कला का प्रदर्शन किया। वाहनों पर गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक झांकियां सजाई गई थीं। लंगर सेवा को दर्शाती झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके जरिए गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख संदेश—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—के साथ निःस्वार्थ मानव सेवा का संदेश दिया गया।
पांच घंटे में पहुंचा नगर कीर्तन, 24 नवंबर को विशेष दीवान
स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू हुआ नगर कीर्तन लगभग पांच घंटे में तेलीबांधा स्थित बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा पहुंचा। आयोजन के दौरान सेवादार सफाई व्यवस्था में भी जुटे रहे और नगर कीर्तन के पीछे चल रहे वाहन में कचरा एकत्र किया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को खालसा स्कूल परिसर में गुरुवाणी कीर्तन का विशेष दीवान सजाया जाएगा।

