Balrampur News : डिजिटल युग में मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर का लगातार बढ़ता उपयोग लोगों की आंखों पर गंभीर असर डाल रहा है। इसी के मद्देनजर राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत जिला बलरामपुर में स्कूली बच्चों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड शंकरगढ़ स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में छात्र-छात्राओं की नेत्र जांच कर उन्हें आंखों की सुरक्षा के लिए 20-20-20 नियम की जानकारी दी गई।

बलरामपुर कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नेत्र सहायक अधिकारी दुर्गेश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की आंखों की जांच की। इस दौरान उन्होंने बताया कि आज अधिकांश लोग मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर स्क्रीन के सामने घंटों तक लगातार काम करते हैं, जिससे आंखों में जलन, धुंधला दिखाई देना, चुभन, दर्द और पानी आने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।



उन्होंने विद्यार्थियों को 20-20-20 नियम अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि डिजिटल स्क्रीन पर लगातार 20 मिनट काम करने के बाद 20 सेकेंड का विराम लें और लगभग 20 फीट दूर स्थित किसी वस्तु को देखें। इससे आंखों पर पड़ने वाला तनाव कम होता है और आंखें स्वस्थ रहती हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नियमित नेत्र जांच कराने, स्क्रीन का सीमित उपयोग करने तथा आंखों की स्वच्छता एवं सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया।










