Bangladesh Violence : बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच एक बार फिर बड़ी वारदात सामने आई है। खुलना जिले के दौलतपुर इलाके में अवामी लीग के एक पूर्व पदाधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल हलीम शेख के रूप में हुई है। मंगलवार रात दौलतपुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कल्पतरु मार्केट इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हलीम पहले खुलना सिटी कॉरपोरेशन (KCC) के अंतर्गत अवामी लीग की वार्ड नंबर 4 इकाई में आयोजन सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।
बाइक सवार हमलावरों ने चार गोलियां मारीं
दौलतपुर पुलिस इंस्पेक्टर जाहिदुल इस्लाम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। उन्होंने अब्दुल हलीम शेख को निशाना बनाते हुए चार बार गोली चलाई और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

सिर, छाती और आंख के पास लगीं गोलियां
बांग्लादेशी मीडिया संस्थान बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में हलीम के सिर, छाती और आंख के कोने में गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। खुलना मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उत्तरी डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर सुदर्शन कुमार रॉय ने बताया कि पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने में जुटी है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के मकसद का खुलासा नहीं हुआ है।

खुलना में 81 लोगों की हत्या, 100 से ज्यादा घायल
अब्दुल हलीम की हत्या ऐसे समय हुई है, जब खुलना में गोलीबारी और आपराधिक घटनाओं का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में रंगदारी की धमकियों के बाद पालोंकी रेस्तरां पर हमला हुआ। इसके अलावा लबानचारा, सदर और अरंगहाटा इलाकों में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर तक खुलना जिले और शहर में कुल 81 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें 41 हत्याएं शहर में और 40 आसपास के इलाकों में हुई हैं। गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।
शेख हसीना की वापसी की घोषणा के बाद बढ़ी चिंता
अवामी लीग नेता की हत्या ने पार्टी के भीतर सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अगले महीने बांग्लादेश लौटने की घोषणा के बाद पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने नरेल जिले में नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों तथा दुकानों में आगजनी की घटनाओं का भी उल्लेख किया है।

अवामी लीग कार्यकर्ताओं के 50 से ज्यादा घरों में आगजनी
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नरेल जिले के कालिया उपजिला स्थित बेंदार चार गांव में 20 नवंबर को अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं के 50 से अधिक घरों और कई दुकानों में आग लगा दी गई थी। ये घटनाएं कालिया नगरपालिका क्षेत्र में हुईं। अवामी लीग ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
अवामी लीग ने सरकार से उठाए सवाल
अवामी लीग ने इन घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि यह सामान्य आपराधिक घटना नहीं, बल्कि राजनीतिक हिंसा का गंभीर मामला है। पार्टी ने इसकी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने सवाल उठाया कि यदि बीएनपी सरकार को जनता का भरोसा हासिल है, तो किसी विपक्षी नेता की वापसी या राजनीतिक भागीदारी को खतरे के रूप में क्यों देखा जा रहा है? लगातार हो रही हत्याओं और आगजनी की घटनाओं ने बांग्लादेश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

