Monsoon Tips : मानसून का आगमन चिलचिलाती गर्मी से राहत तो लाता है, लेकिन अपने साथ भारी उमस और चिपचिपाहट भी लेकर आता है। इस मौसम में चारों ओर नमी के कारण जलभराव और मच्छरों का पनपना आम हो जाता है, जो बीमारियों का मुख्य कारण बनते हैं। मानसून को जहां एक ओर रोमांटिक मौसम माना जाता है, वहीं दूसरी ओर यह संक्रमणों का भी दौर होता है। इस चिपचिपाहट और उमस से बचने के लिए लोग रातभर एयर कंडीशनर (एसी) का सहारा लेते हैं। हालांकि, यह राहत अस्थायी होती है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक एसी में सोने से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

एसी के उपयोग के लिए सही तापमान का महत्व
शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉक्टर भुमेश त्यागी के अनुसार, एसी घर के अंदर की हवा को साफ और नमी मुक्त रखने में सहायक होता है, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल से सेहत बिगड़ सकती है। डॉ. त्यागी का मानना है कि मानसून में तापमान बहुत कम नहीं करना चाहिए। अत्यधिक ठंडक शरीर के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। उन्होंने सलाह दी है कि एसी को 25-26 डिग्री सेल्सियस के मध्यम तापमान पर 2-3 घंटे के लिए ही चलाना चाहिए, जिससे कमरे की अतिरिक्त नमी निकल जाए। इसके बाद पंखे की हवा में सोना अधिक आरामदायक और स्वास्थ्यप्रद होता है। रात में सोते समय एसी का उपयोग ‘टाइमर’ मोड पर करना सबसे सुरक्षित विकल्प है।

रातभर एसी में सोने के स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणाम
लगातार एसी में सोने से शरीर पर होने वाले दुष्प्रभाव निम्नलिखित हैं:
-
श्वसन संबंधी समस्याएं: एसी की शुष्क हवा नाक और गले में जलन पैदा कर सकती है, जिससे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। अस्थमा या फेफड़ों के मरीजों के लिए यह घरघराहट और सांस लेने में कठिनाई का कारण बन सकता है।
-
एलर्जी का खतरा: यदि एसी के फिल्टर समय पर साफ नहीं किए जाते, तो उनसे निकलने वाली धूल, फफूंद और बैक्टीरिया छींक, नाक बंद होने, आंखों में खुजली और खांसी जैसी एलर्जी उत्पन्न कर सकते हैं।
-
त्वचा और आंखों की शुष्कता: एसी की ड्राई हवा आंखों में सूखापन, होंठ फटने और त्वचा में जलन जैसी समस्याओं को बढ़ाती है।
-
जोड़ों और मांसपेशियों में जकड़न: लंबे समय तक ठंडी हवा में रहने से मांसपेशियां और जोड़ अकड़ सकते हैं, जो विशेषकर गठिया या मस्कुलर समस्या वाले लोगों के लिए कष्टदायक होता है।
-
सिरदर्द और थकान: यदि कमरे में वेंटिलेशन यानी हवा का आवागमन सही नहीं है, तो एसी रूम में अधिक समय बिताने से सिरदर्द, सुस्ती और अत्यधिक थकान महसूस हो सकती है।
सुरक्षित उपयोग के लिए जरूरी सावधानियां
मानसून में खुद को स्वस्थ रखने के लिए एसी का उपयोग जिम्मेदारी से करना अनिवार्य है। सबसे महत्वपूर्ण है एसी की नियमित सर्विसिंग और फिल्टर की सफाई, ताकि फफूंद और बैक्टीरिया हवा में न फैलें। इसके अलावा, कमरे में नमी को नियंत्रित करने के लिए तापमान को मध्यम रखें और कोशिश करें कि सोने से पहले कमरे में ताजी हवा का संचार हो। यदि आप एसी का उपयोग सावधानीपूर्वक करते हैं, तो आप मानसून की उमस से भी बच पाएंगे और अपनी सेहत को भी सुरक्षित रख सकेंगे। याद रखें, छोटी सी सावधानी बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मदद कर सकती है।
Read More : Spain Wildfire : स्पेन के जंगलों में भीषण आग का कहर, 12 मौतें और 23 लोग अब भी लापता











