Ambikapur News : अंबिकापुर में स्वर्गीय रविशंकर त्रिपाठी चौक, रिंग रोड में आज मंगलवार को नगर निगम जोन क्रमांक-3 में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टीन्नी, तथा पीडब्ल्यूडी प्रभारी मनीष सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

“अब जनता को मिलेगी राहत” — महापौर
महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि बरसात खत्म होने के बाद अब सड़क और नाली निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है, जिससे जनता को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जोन-3 में कार्य प्रारंभ हुआ है, जल्द ही सभी पांच जोनों में निर्माण कार्य शुरू होंगे। भूमिपूजन के तहत जोन क्रमांक-3 के 10 वार्डों में डामरीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण और पेवर ब्लॉक जैसे कार्य प्रारंभ किए गए। साथ ही, लगभग 15 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों और 11.59 करोड़ के महामाया कॉरिडोर के कार्यों का भी भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।

उन्होंने कहा — “जनता ने जिस विश्वास के साथ नगर निगम में भाजपा की सरकार बनाई है, हम उस भरोसे पर खरे उतरेंगे। विकास के हर वादे को धरातल पर उतारना हमारा संकल्प है।”
कार्यक्रम का संचालन पीडब्ल्यूडी प्रभारी मनीष सिंह ने किया तथा नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अंबिकापुर के लिए यह भूमिपूजन शहर के बुनियादी ढांचे को नया स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।











