Birsa Munda Controversy : छत्तीसगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा के नाम को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। विवाद की शुरुआत धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय सम्मेलन के एक वीडियो से हुई। कार्यक्रम में भाषण देते समय ओपी चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा की जगह गलती से ‘बिरसा मुंडी’ बोल दिया था। इस वीडियो को भूपेश बघेल ने साझा कर मंत्री पर निशाना साधा, जिसके बाद चौधरी ने भी लंबी पोस्ट लिखकर जवाब दिया।
भूपेश बघेल ने वीडियो साझा कर मंत्री पर कसा तंज
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में जनजातीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के संबोधन का वीडियो सामने आया, जिसमें वह बिरसा मुंडा का नाम गलत बोलते दिखाई दिए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जो लोग जनजातीय गौरव दिवस मना रहे हैं, वे भगवान बिरसा मुंडा का नाम तक ठीक से नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब मन में पाप होता है तो जुबान फिसल ही जाती है।

ओपी चौधरी ने कांग्रेस और भूपेश बघेल पर उठाए सवाल
भूपेश बघेल की टिप्पणी पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह का वीडियो पोस्ट करना पूर्व मुख्यमंत्री की राजनीति के स्तर को दिखाता है। चौधरी ने उन पर तकनीक के दुरुपयोग का आरोप लगाया और अपनी पोस्ट में भूपेश बघेल के खिलाफ चल रहे CBI मामले का भी उल्लेख किया।

आदिवासी राष्ट्रपति और जनजातीय गौरव दिवस पर पूछे सवाल
ओपी चौधरी ने कांग्रेस के शासनकाल को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आजादी के बाद कांग्रेस को 50 साल से अधिक समय तक शासन करने का अवसर मिला, फिर भी आदिवासी समाज से किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति क्यों नहीं बनाया गया? उन्होंने यह भी सवाल किया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला पहले क्यों नहीं लिया गया। चौधरी ने भूपेश बघेल से 15 नवंबर और उसके बाद आदिवासी समाज के बीच आयोजित कार्यक्रमों का विवरण मांगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे कार्यक्रम नहीं हुए तो बघेल को माफी मांगनी चाहिए।
भूपेश का जवाब, बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया जिक्र
ओपी चौधरी के पलटवार के बाद भूपेश बघेल ने फिर सोशल मीडिया पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा का नाम गलत लेकर अपमान मंत्री ने किया और नाराज भी वही हो रहे हैं। इसके साथ बघेल ने बस्तर के चारामा में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की तस्वीर साझा की। उन्होंने बताया कि तत्कालीन विधानसभा उपाध्यक्ष और भानुप्रतापपुर के विधायक स्वर्गीय मनोज मंडावी ने यह प्रतिमा स्थापित करवाई थी। 13 अगस्त 2022 को हजारों लोगों की मौजूदगी में इसका अनावरण किया गया था।

आदिवासी सम्मान और अडानी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
भूपेश बघेल ने प्रतिमा का उदाहरण देते हुए कहा कि यह उस समय की बात है, जब बीजेपी और आरएसएस के मन में भगवान बिरसा मुंडा के प्रति प्रेम पैदा होना शुरू नहीं हुआ था। उन्होंने सवाल उठाया कि आदिवासी समाज का वास्तविक सम्मान कौन कर रहा है। बघेल ने आगे ओपी चौधरी और बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी आत्मा अडानी के पास गिरवी है और वे छत्तीसगढ़ के जंगलों को अडानी के नाम करने में लगे हैं।
सोशल मीडिया पर जारी है राजनीतिक बयानबाजी
बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रम में हुई एक जुबानी गलती अब प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गई है। एक ओर ओपी चौधरी कांग्रेस के शासनकाल और आदिवासी समाज के लिए किए गए कामों पर सवाल उठा रहे हैं, तो दूसरी ओर भूपेश बघेल आदिवासी सम्मान और जंगलों के मुद्दे पर सरकार को घेर रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच यह बहस सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।
Read More : Trump Iran Regime Change: सत्ता परिवर्तन नहीं, परमाणु हथियार रोकना अमेरिका की प्राथमिकता

