Chhattisgarh Weather Alert : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से हुई असामयिक बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। विभाग ने कहा है कि किसान खेतों में खड़ी धान की फसल और कटाई के बाद खेतों तथा खलिहानों में रखी उपज को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। बारिश से फसल को नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत समय पर सूचना देना भी जरूरी है।
फसल खराब होने पर 72 घंटे के भीतर करें शिकायत
कृषि विभाग के मुताबिक, जिन किसानों की बीमित फसल को चक्रवाती तूफान या असामयिक बारिश से नुकसान हुआ है, उन्हें घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देनी होगी। किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय में सूचना देने से बीमा दावा प्रक्रिया आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बीमा कंपनी 10 दिनों में कराएगी फसल का सर्वेक्षण
विभाग ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद बीमा कंपनी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10 दिनों के भीतर प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कराएगी। इस दौरान नुकसान की प्रकृति, फसल की वास्तविक स्थिति और क्षति का आकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण की रिपोर्ट के आधार पर योजना के नियमों के अनुसार पात्र किसानों के बीमा दावों पर निर्णय लिया जाएगा।

कटाई के बाद रखी धान की फसल को भी बीमा सुरक्षा
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई बीमित धान की फसल यानी करपा को भी निर्धारित शर्तों के तहत सुरक्षा मिलती है। यह सुविधा फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों तक लागू रहती है। इस दौरान अधिसूचित जोखिमों से नुकसान होने पर किसान समय-सीमा में दावा दर्ज करा सकते हैं।
खड़ी फसल में जलभराव होने पर ऐसे होगा नुकसान का आकलन
खेतों में खड़ी फसल में जलभराव होने की स्थिति में भी योजना के प्रावधानों के अनुसार क्षति का आकलन किया जाएगा। इसके लिए फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज के आंकड़ों के आधार पर बीमा दावा भुगतान की गणना होगी। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जहां संभव हो, खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करें।

बीमा शिकायत के लिए ये जानकारियां रखें तैयार
शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान की तारीख और क्षति का विवरण तैयार रखना चाहिए। शिकायत दर्ज होने के बाद मिलने वाली संदर्भ संख्या भी सुरक्षित रखें।
पटवारी और कृषि अधिकारी को दें नुकसान की सूचना
फसल प्रभावित होने पर संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी तत्काल जानकारी दें। किसान खेतों और फसल की तस्वीरें तथा वीडियो बनाकर सुरक्षित रखें। इससे जरूरत पड़ने पर नुकसान की स्थिति समझने और आकलन में सहायता मिल सकती है।
तिरपाल और पॉलिथीन से ढककर बचाएं धान की उपज
खेतों और खलिहानों में रखी धान की फसल को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखने की सलाह दी गई है। संभव हो तो उपज को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा आसपास पानी जमा न होने दें। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पर नजर रखें और नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना दें, ताकि पात्रता के अनुसार बीमा लाभ मिल सके।
Read More : Bhilai Crime: युवती के बुलावे पर गदा चौक पहुंचा युवक, पहुंचते ही चाकू और कटर से किया हमला

