BJP Counterattack : कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग और उसके अधिकारियों पर लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी का यह बयान “पूरी तरह हास्यास्पद” है। किरण सिंह देव ने कहा, “आजादी के बाद से कांग्रेस ने ही वोटों की हेराफेरी का खेल सबसे ज़्यादा किया है। आज वे ही लोग लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, जो दशकों तक उसे कमजोर करते रहे।” उन्होंने राहुल गांधी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि, “राहुल जब भी बोलते हैं, ऐसी ही अतार्किक और बचकानी बातें करते हैं।”

राहुल गांधी का आरोप
1 अगस्त को संसद भवन से बाहर निकलते समय राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में चुनाव आयोग पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा था कि आयोग “वोट चोरी करवा रहा है”। उन्होंने कहा कि उनके पास इस मामले में “एटम बम” है और जब वह सामने आएगा तो चुनाव आयोग भी इससे नहीं बच पाएगा। उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारियों पर देशद्रोह के आरोप भी लगाए।

‘रिटायर होकर भी नहीं बच पाएंगे चुनाव अधिकारी’ – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि जो लोग चुनाव आयोग में बैठकर वोट चुराने का काम कर रहे हैं, वे देश के खिलाफ काम कर रहे हैं। “चाहे वे रिटायर हो जाएं या कहीं भी छिपे हों, हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे और सजा दिलवाएंगे।” उन्होंने दोहराया कि देशद्रोह करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
24 जुलाई को भी राहुल ने चुनाव आयोग को दी थी चेतावनी
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर ऐसा बयान दिया है। इससे पहले 24 जुलाई को भी उन्होंने आयोग को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर अधिकारी यह सोचते हैं कि वे इस मामले से बच निकलेंगे, तो यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को छोड़ने वाली नहीं है।
चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी के इन आरोपों पर चुनाव आयोग ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह “ऐसे बेबुनियाद और गैरजिम्मेदार आरोपों” को गंभीरता से नहीं लेता। आयोग ने अपने बयान में कहा कि देशभर के सभी चुनाव अधिकारी पूर्व की भांति निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपना काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की धमकी या बयानबाज़ी से आयोग का मनोबल नहीं टूटेगा।
राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों से राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है। जहां कांग्रेस इसे लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बता रही है, वहीं भाजपा इसे ‘हास्यास्पद और आत्मविरोधी’ बता रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्मा सकता है।
Read more : Gaza Conflict :संयुक्त राष्ट्र का बड़ा दावा , भोजन जुटाने के प्रयास में गाज़ा में 100 से ज्यादा लोगों की मौत










