CM Vishnudev Sai investment: दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक और निवेश संभावनाओं को कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन तथा निवेशकों के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रो-एक्टिव औद्योगिक नीति 2024–30, प्राकृतिक संसाधनों और प्रशिक्षित जनशक्ति को आकर्षक बताते हुए वैश्विक निवेश के लिए राज्य को पूरी तरह तैयार बताया। कोरियाई निवेशकों को छत्तीसगढ़ का निमंत्रण मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दक्षिण कोरियाई ब्रांड जैसे एलजी, सैमसंग, हुंडई आज भारत के हर घर और गांव में अपनी पकड़ बना चुके हैं। छत्तीसगढ़ में प्रचुर मात्रा में जल संसाधन, ऊर्जा, लौह अयस्क और स्टील के भंडार उपलब्ध हैं, साथ ही बेहतरीन कनेक्टिविटी भी है, जो निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाते हैं। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सिंगल-विंडो क्लीयरेंस, व्यवसाय सुगमता और उद्योग-अनुकूल नीतियों के माध्यम से हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगी। विविध क्षेत्रों में निवेश के अवसर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को खनिज, ऊर्जा, इस्पात, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और आईटी स्टार्टअप्स जैसे विविध क्षेत्रों में निवेश के लिए उपयुक्त बताते हुए कहा कि राज्य वैश्विक निवेश को खुले दिल से स्वागत कर रहा है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि छत्तीसगढ़ का विकास केवल औद्योगिक प्रगति तक सीमित नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, महिलाओं के सशक्तिकरण और किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने पर केंद्रित है। भारत के कोरियाई राजदूत से मुलाकात इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने भारतीय दूतावास, सियोल में भारत के राजदूत कुमार अमित से भी मुलाकात की और छत्तीसगढ़ में निवेश संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि स्टील, खनिज, इलेक्ट्रॉनिक्स और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी के अवसर तलाशे जा रहे हैं। सांस्कृतिक और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा मुख्यमंत्री ने कोरिया और छत्तीसगढ़ के बीच बढ़ते सांस्कृतिक एवं कारोबारी संबंधों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन साझेदारियों से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान एवं नवाचार और उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ेंगे। साझा समृद्धि की अपील मुख्यमंत्री साय ने कोरियाई निवेशकों से आग्रह किया कि वे छत्तीसगढ़ को अपने नए औद्योगिक निवेश स्थल के रूप में चुनें और राज्य की विकास यात्रा में शामिल होकर साझा समृद्धि का हिस्सा बनें। उन्होंने इस अवसर को दोनों देशों के लिए आर्थिक और सामाजिक प्रगति का नया अध्याय बताया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस विजनरी निवेश आह्वान से यह स्पष्ट होता है कि राज्य ने निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर अपनी रणनीतियां पूरी तरह तैयार कर ली हैं। कोरिया जैसी तकनीकी रूप से उन्नत और औद्योगिक रूप से विकसित अर्थव्यवस्था के साथ साझेदारी से छत्तीसगढ़ की प्रगति और रोजगार सृजन में नई गति मिलेगी। Read More : National Teacher Aaward 2023: छत्तीसगढ़ के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 64 शिक्षकों को मिलेगा उत्कृष्ट शिक्षा सम्मान














