Sitapur News : गणेश विसर्जन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब श्रद्धालुओं की भीड़ में अचानक एक कार की स्पीड बढ़ गई। हादसा सीतापुर के आमाटोली गांव में हुआ, जहां गणेश विसर्जन के लिए निकले जुलूस के बीच कार के अनियंत्रित होकर घुसने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 10 वर्षीय मासूम रितेश पैंकरा की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब विसर्जन यात्रा के साथ चल रही एक कार अचानक तेज रफ्तार में भीड़ की ओर बढ़ गई। कार की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल रितेश को अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गाड़ी मालिक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विसर्जन यात्रा के दौरान कार भी जुलूस के साथ चल रही थी। अचानक ड्राइवर से नियंत्रण बिगड़ गया और एक्सीलेटर दब जाने से कार अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद आमाटोली समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।











