CG Swachhta Award 2025-26 : छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। तीनों शहरों को 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी का माहौल है। इसे स्वच्छता के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता, सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम माना जा रहा है।
11 नवंबर को राष्ट्रपति के हाथों मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में चयनित शहरों को सम्मान प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के तीन शहरों को सम्मान मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह सम्मान उन सफाई मित्रों के कठिन परिश्रम की पहचान है, जो प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए काम करते हैं। इसके साथ ही उन नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है, जिन्होंने स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया है।

केंद्र सरकार ने आधिकारिक पत्र भेजकर दी जानकारी
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सरकार को आधिकारिक पत्र भेजकर तीनों शहरों के चयन की जानकारी दी है। मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने प्रदेश में चल रही स्वच्छता गतिविधियों और नागरिकों की भागीदारी की सराहना की है।स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है। इसमें मिली राष्ट्रीय पहचान से प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है। साथ ही शहरों के बीच स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और बेहतर सुविधाएं विकसित करने के लिए सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा।

क्या है स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की खास थीम?
इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाना है।इस अभियान के तहत नियमित साफ-सफाई, कचरे का बेहतर प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। लोगों की सक्रिय भागीदारी को शहरों को साफ और व्यवस्थित बनाने का महत्वपूर्ण आधार माना गया है।
सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों को मिलेगा विशेष सम्मान
राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों की भूमिका को विशेष महत्व दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्रालय ने चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं और स्वच्छता मिशन से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए आमंत्रित किया है।प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। इससे स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने वाले कर्मचारियों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

अरुण साव बोले- दूसरे शहरों को भी मिलेगी प्रेरणा
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के चयन पर खुशी जताई है। उन्होंने तीनों शहरों की नगरीय निकाय टीमों, जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और नागरिकों को बधाई दी।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय निकायों की सक्रियता, बेहतर कार्यप्रणाली और जनसहयोग का परिणाम है। सरकार का प्रयास है कि स्वच्छता किसी सर्वेक्षण या विशेष अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि यह शहरों की नियमित कार्यसंस्कृति और नागरिकों की जीवनशैली का हिस्सा बने।
मुख्यमंत्री ने दिया स्वच्छ और स्वस्थ छत्तीसगढ़ बनाने का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वच्छता केवल पुरस्कार जीतने का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से है। घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों शहरों को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के दूसरे नगरीय निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के सभी शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ राज्य बनाना है।
Read More : Abhishek Banerjee : अभिषेक बनर्जी का ऐलान, बंगाल विरोधी ताकतों को बाहर करने तक नहीं काटेंगे केक


