CBSE 2025-26 Exams : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (LoC) जमा करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस बार कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जो खासकर कक्षा 10वीं के छात्रों की बोर्ड परीक्षा से जुड़े हैं। CBSE ने 10वीं के लिए पहली बार दो-बोर्ड परीक्षा नीति लागू करने का ऐलान किया है, जिसका उद्देश्य छात्रों के परीक्षा तनाव को कम करना है। साथ ही, अपार आईडी और LoC सबमिशन को लेकर भी सख्ती की गई है।

10वीं के लिए दो-बोर्ड परीक्षा नीति से तनाव कम करने का प्रयास
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत CBSE ने कक्षा 10वीं के लिए दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का फैसला किया है। पहली परीक्षा फरवरी 2026 में होगी, जबकि दूसरी परीक्षा मई 2026 में आयोजित की जाएगी, जो छात्रों को सुधार का मौका देगी। हालांकि, कक्षा 12वीं की परीक्षा केवल एक बार ही आयोजित होगी। इस बदलाव का मकसद छात्रों पर पढ़ाई और परीक्षा का दबाव कम करना है।

LoC जमा करना होगा अनिवार्य
CBSE ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए स्कूलों को LoC ऑनलाइन पोर्टल पर जमा करना अनिवार्य है। केवल उन छात्रों को ही परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी जिनका नाम इस पोर्टल पर दर्ज होगा। 30 सितंबर तक कक्षा 10वीं की पहली परीक्षा के लिए छात्रों की सूची राज्य के सभी स्कूलों को भेजनी होगी। पहली परीक्षा के बाद दूसरी परीक्षा के लिए LoC जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
LoC में गलती या देरी पर परीक्षा देने का मौका नहीं
CBSE ने साफ किया है कि LoC जमा करने में किसी भी तरह की देरी या गलत जानकारी देने पर छात्र को परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। फीस जमा केवल डिजिटल भुगतान के माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख बिना लेट फीस के अक्टूबर 2025 है, जबकि लेट फीस के साथ फीस जमा करने की अवधि 3 से 11 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। इसके बाद कोई विस्तार नहीं मिलेगा।
अपार आईडी को LoC से जोड़ना होगा जरूरी
इस बार CBSE ने अपार आईडी को LoC से जोड़ना भी अनिवार्य कर दिया है। अपार आईडी एक 12-डिजिट डिजिटल पहचान है, जो छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को सुरक्षित और प्रबंधित करने के लिए विकसित की गई है। स्कूल केवल उन्हीं छात्रों के लिए LoC भर सकते हैं जिनके पास अपार आईडी है।

विशेष जरूरत वाले छात्रों के लिए अलग पोर्टल
CBSE ने विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए एक अलग पोर्टल और दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे छात्रों के लिए स्कूल डॉक्यूमेंट अपलोड कर सकते हैं और परीक्षा से जुड़े रियायतों के लिए विशेष अनुरोध कर सकते हैं। यह पोर्टल CWSN (Children with Special Needs) के छात्रों की सुविधा के लिए बनाया गया है।
CBSE के नए दिशा-निर्देश शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुव्यवस्था लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। दो-बोर्ड परीक्षा नीति छात्रों के मानसिक दबाव को कम करेगी और बेहतर प्रदर्शन का मौका देगी। साथ ही, अपार आईडी और LoC की सख्ती से परीक्षा प्रक्रिया और रिकॉर्ड की विश्वसनीयता बढ़ेगी। स्कूलों और अभिभावकों को निर्देशों का पालन करते हुए समय पर LoC जमा करना होगा ताकि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो।











