Chhath Puja Special Trains 2026 : लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को देखते हुए दिल्ली से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए उत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।
दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से रवाना होंगी 23 स्पेशल ट्रेनें
उत्तर रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा के मद्देनजर आज दिल्ली क्षेत्र के अलग-अलग प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 23 विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित किया गया है। इन ट्रेनों के जरिए बिहार, झारखंड और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, आनंद विहार टर्मिनल से सबसे अधिक आठ स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से छह विशेष ट्रेनें रवाना होंगी। हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन से तीन-तीन स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी।इसके अलावा दिल्ली जंक्शन यानी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से दो विशेष ट्रेनें और रोहतक रेलवे स्टेशन से एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस तरह दिल्ली क्षेत्र से कुल 23 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

आनंद विहार और नई दिल्ली स्टेशन पर होल्डिंग एरिया की व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष यात्री होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक रूप से इकट्ठा होने से रोकना और ट्रेनों के प्रस्थान से पहले व्यवस्थित तरीके से बैठने की सुविधा देना है।नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर वर्ष 2025 में शुरू किए गए स्थायी यात्री होल्डिंग एरिया की सुविधा पहले से उपलब्ध है। इस साल आनंद विहार टर्मिनल पर भी स्थायी होल्डिंग एरिया शुरू कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए आनंद विहार स्टेशन पर विशाल अस्थायी टेंट भी लगाए गए हैं।
होल्डिंग एरिया में मिलेंगी यात्रियों को ये सुविधाएं
रेलवे की ओर से बनाए गए यात्री होल्डिंग एरिया में कई जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। यहां अनारक्षित टिकट खरीदने के लिए UTS काउंटर और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) उपलब्ध कराई गई हैं।इसके साथ ही यात्रियों के लिए मोबाइल टॉयलेट, खानपान के स्टॉल और सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। हेल्पडेस्क पर ‘मैं आपकी क्या सहायता कर सकता हूं’ के माध्यम से यात्रियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA System) के जरिए ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान से संबंधित जानकारियां दी जाएंगी।

स्टेशनों पर गूंज रहे छठ मैया के पारंपरिक गीत
रेलवे ने यात्रियों के सफर को त्योहार के रंग में रंगने के लिए भी खास इंतजाम किए हैं। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर छठ मैया के पारंपरिक गीत बजाए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही छठ पूजा के उत्सव जैसा माहौल महसूस हो रहा है।
भीड़ बढ़ने पर तत्काल चलाई जाएंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद अधिकारियों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM), अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) और उत्तर रेलवे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्टेशनों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यदि किसी स्टेशन पर अचानक अनारक्षित यात्रियों की संख्या बढ़ती है और निर्धारित ट्रेनों में भीड़ अधिक हो जाती है, तो अतिरिक्त विशेष ट्रेनें तत्काल चलाई जाएंगी। इन अनशेड्यूल्ड स्पेशल ट्रेनों का संचालन पहले से निर्धारित 23 ट्रेनों के अतिरिक्त किया जा सकता है।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी तैयारियां की हैं, ताकि छठ पूजा के अवसर पर अपने घर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।


