8th Pay Commission : केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की निगाहें इन दिनों 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर टिकी हुई हैं। आयोग की ओर से वेतन, पेंशन और भत्तों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं आया है, लेकिन कर्मचारियों के बीच एरियर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यदि सरकार संशोधित वेतनमान को 1 जनवरी 2026 से लागू करती है, तो कर्मचारियों को पिछली अवधि का अच्छा-खासा बकाया मिल सकता है। कुछ अनुमानित गणनाओं के मुताबिक, लेवल-6 के कर्मचारी को करीब 5.15 लाख रुपये तक एरियर मिल सकता है।
8वें वेतन आयोग की दो अहम बैठकें, रिपोर्ट का इंतजार
8वें वेतन आयोग ने अक्टूबर 2026 में दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की थीं। पहली बैठक 8 अक्टूबर को बेंगलुरु और दूसरी बैठक 23 अक्टूबर को मुंबई में हुई थी। जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित इस आयोग ने 3 नवंबर 2026 को अपने गठन का एक साल पूरा कर लिया है।

आयोग को निर्धारित टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) के तहत अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने के लिए कुल 18 महीने का समय दिया गया है। ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को इसकी सिफारिशों के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।

1 जनवरी 2026 से लागू हुआ नया वेतनमान तो मिलेगा एरियर
दरअसल, सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल आधिकारिक रूप से 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो गया था। ऐसे में यदि सरकार आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से पिछली तारीख से लागू करने का निर्णय लेती है, तो कर्मचारियों को जनवरी 2026 से संशोधित वेतन मिलने तक का एरियर दिया जा सकता है।
हालांकि, वास्तविक एरियर की रकम कई बातों पर निर्भर करेगी। इनमें फिटमेंट फैक्टर, नया वेतन मैट्रिक्स, महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। सरकार का अंतिम निर्णय ही तय करेगा कि कर्मचारियों के खाते में कितनी राशि आएगी।

₹44,900 बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को कितना मिलेगा एरियर?
एक अनुमानित उदाहरण से समझें तो पे मैट्रिक्स लेवल-6 में आने वाले कर्मचारी का मौजूदा मूल वेतन 44,900 रुपये है। यदि आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 रखा जाता है, तो उसका संशोधित मूल वेतन इस प्रकार होगा।
मौजूदा बेसिक पे: ₹44,900
अनुमानित फिटमेंट फैक्टर: 2.57
संशोधित बेसिक पे: ₹1,15,393
राउंड ऑफ करने पर नया बेसिक पे: लगभग ₹1,15,400
इस गणना के आधार पर कर्मचारी के मूल वेतन में काफी बढ़ोतरी दिखाई देती है। हालांकि, यह केवल संभावित गणना है। आयोग की वास्तविक सिफारिशें आने के बाद इसमें बदलाव हो सकता है।
DA के हिसाब से ऐसे निकलेगा 12 महीने का एरियर
एरियर की गणना करते समय मौजूदा महंगाई भत्ते को भी ध्यान में रखना जरूरी है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से जून 2026 तक महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत और जुलाई 2026 से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया।यदि पुराने मूल वेतन और महंगाई भत्ते को मिलाकर गणना की जाए, तो जनवरी से जून तक कर्मचारी का मासिक वेतन लगभग 71,840 रुपये बैठता है। वहीं जुलाई से दिसंबर तक यह राशि बढ़कर करीब 73,187 रुपये हो जाती है।
दूसरी ओर, अनुमानित संशोधित मूल वेतन और पुराने वेतन के बीच अंतर के आधार पर जनवरी से जून तक हर महीने करीब 43,560 रुपये का अंतर बनता है। जुलाई से दिसंबर तक यह अंतर लगभग 42,213 रुपये माना गया है।
इस तरह 12 महीने का संभावित एरियर निकालने पर गणना कुछ इस प्रकार होगी:
जनवरी से जून: ₹43,560 × 6 = ₹2,61,360
जुलाई से दिसंबर: ₹42,213 × 6 = ₹2,53,278
कुल अनुमानित एरियर: ₹5,14,638
यानी इस उदाहरण में कर्मचारी को लगभग 5.14 से 5.15 लाख रुपये तक का एरियर मिल सकता है।
इन कारणों से बदल सकती है एरियर की अंतिम रकम
यहां ध्यान देने वाली बात है कि ऊपर की गणना कुछ निश्चित मान्यताओं पर आधारित है। इसमें फिटमेंट फैक्टर 2.57 माना गया है और यह भी माना गया है कि मौजूदा महंगाई भत्ता नए मूल वेतन में शामिल होने के बाद संशोधित DA शून्य से शुरू होगा।इसके अलावा HRA, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, इनकम टैक्स, CGHS, NPS और CGEGIS की कटौतियों को शामिल नहीं किया गया है। वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रमोशन, MACP और अन्य वेतन संबंधी बदलाव भी अंतिम एरियर को प्रभावित कर सकते हैं।
क्या सरकार ने 5.15 लाख रुपये एरियर पर लगाई मुहर?
कर्मचारियों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि 8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशें अभी सामने नहीं आई हैं। फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहेगा या इसमें बदलाव होगा, इस पर भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।इसलिए 5.14 से 5.15 लाख रुपये तक के एरियर को पक्की मिलने वाली रकम नहीं समझना चाहिए। यह केवल एक उदाहरण के आधार पर किया गया अनुमान है। कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को वास्तविक वेतन वृद्धि, फिटमेंट फैक्टर और एरियर की जानकारी के लिए आयोग की अंतिम रिपोर्ट तथा केंद्र सरकार के आधिकारिक आदेश का इंतजार करना होगा।


