Anganwadi Workers : छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं प्रदेश के बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्र सिर्फ एक सरकारी संस्था नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला है। यहीं से उनके पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की नींव तैयार होती है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शुक्रवार को रायपुर के सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट काम करने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम योगदान
समारोह में मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी जिम्मेदारियां निभाती हैं।उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। कई बार कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद ये महिलाएं गांव-गांव और घर-घर जाकर माताओं तथा बच्चों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाती हैं। उनका समर्पण और सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायक है।

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करना केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें पूरे समाज की भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बच्चों और पोषण से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम कर रही है।उन्होंने महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और प्रत्येक गर्भवती महिला को उचित पोषण तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मंत्री ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन उनके वर्षों के परिश्रम, त्याग और समाज के प्रति समर्पण को सम्मान देने का अवसर है।उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मियों का काम केवल सरकारी जिम्मेदारी निभाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाना भी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से इसी उत्साह और समर्पण के साथ बच्चों तथा माताओं के कल्याण के लिए काम करते रहने की अपील की।

बाल विवाह रोकने के लिए दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने की शपथ भी ली। इस अवसर पर बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। समारोह में ‘पोषित बचपन, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को पूरा करने में आंगनबाड़ी कर्मियों के योगदान की विशेष सराहना हुई।
समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति शैल महेंद्र साहू और जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर सहित विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
Read More : Sheikh Hasina Extradition : शेख हसीना की वापसी पर भारत का बड़ा संकेत, बांग्लादेश के सामने रखीं दो शर्तें

