Chhattisgarh CM Japan Visit: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्तमान में जापान के दौरे पर हैं, जहां वे वैश्विक निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों से मिलकर राज्य में निवेश के नए अवसर तलाश रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने टोक्यो में जापान की प्रमुख आईटी कंपनी एनटीटी लिमिटेड की सीईओ कायो इटो से मुलाकात की, जिसमें डिजिटल और उन्नत आईटी तथा तकनीक-संचालित निवेश को लेकर गहन चर्चा हुई। एनटीटी लिमिटेड, जिसका वार्षिक राजस्व 90 बिलियन डॉलर है, डिजिटल समाधान और आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी कंपनी है।

सीएम विष्णु देव साय ने कहा, “जापान की तकनीक के साथ छत्तीसगढ़ के उद्योगों को बढ़ावा देना और टिकाऊ इंडो पैसिफिक व्यापार को आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। जापानी टेक्नोलॉजी का लाभ उठाकर राज्य को औद्योगिक और तकनीकी विकास के नए आयाम प्रदान किए जाएंगे।”

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने जापान में भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया, जहां व्यापारिक और तकनीकी क्षेत्रों के विशेषज्ञों से बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान के साथ आर्थिक और तकनीकी सहयोग से छत्तीसगढ़ में नवाचार और विकास को तेजी मिलेगी।
जेईटीआरओ के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से निवेश एवं औद्योगिक सहयोग पर चर्चा
सीएम साय ने जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जेईटीआरओ) के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में आईटी, कपड़ा, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। जेईटीआरओ प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ के पारदर्शी नीतियों, सरलीकृत औद्योगिक प्रक्रियाओं और मजबूत बुनियादी ढांचे की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने जेईटीआरओ प्रतिनिधिमंडल को छत्तीसगढ़ आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य एक तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र है और यहां निवेश के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करेगी।
अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग
जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने ‘डीप स्पेस टू द मून एंड बियॉन्ड’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार के सहयोग से अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है, जो राज्य में आने वाले अंतरिक्ष विनिर्माण क्लस्टर को दिशा देंगे।
विश्व एक्सपो 2025 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 25 अगस्त को ओसाका में होने वाले वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भी भाग लेंगे। यहां वे छत्तीसगढ़ मंडप के माध्यम से राज्य की समृद्ध विरासत, नवाचार और उभरते हुए क्षेत्रों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेंगे। इस मंच पर वे इस्पात, खनन, स्वच्छ ऊर्जा और स्टार्टअप क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए जापानी और अन्य अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से भी बातचीत करेंगे।
दक्षिण कोरिया में निवेश संवाद
जापान दौरे के बाद मुख्यमंत्री साय सियोल में भी निवेशक गोलमेज बैठकों और प्रमुख कोरियाई कंपनियों से संवाद करेंगे। यह यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से आईटीपीओ के तहत आयोजित की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की यह जापान यात्रा छत्तीसगढ़ के निवेश और औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। डिजिटल और तकनीकी निवेश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग से राज्य को आत्मनिर्भर और वैश्विक मंच पर स्थापित करने के उनके प्रयास निश्चित ही सफल होंगे।










