CG Patwari Strike Ends : छत्तीसगढ़ में करीब 40 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार 22 नवंबर 2026 को समाप्त हो गई। नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर 13 अक्टूबर से प्रदर्शन कर रहे पटवारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात और चर्चा के बाद आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया। हड़ताल खत्म होने से प्रदेश में लंबे समय से प्रभावित राजस्व विभाग के कामकाज के दोबारा सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है।
पीवी एप की विसंगतियों सहित कई मांगों पर आंदोलन
पटवारी पीवी एप में मौजूद विसंगतियों को दूर करने और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। हड़ताल के कारण राजस्व से जुड़े कई काम प्रभावित हुए। इस दौरान प्रशासन ने आंदोलन में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, करीब 200 पटवारी निलंबित किए गए, लगभग 3000 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी हुए और 50 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर रखीं लंबित मांगें
हड़ताल समाप्त करने के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी मांगों पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है। संघ ने आंदोलन की अवधि में की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई को शून्य करने और हड़ताल के दिनों को कार्यदिवस मानकर वेतन देने की मांग उठाई है। इसके अलावा वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति से जुड़े मामलों में आदेश जारी करने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जनदर्शन सेवा शुरू करने का आग्रह किया गया है।

बिलासपुर में 229 पटवारियों पर प्रशासनिक कार्रवाई
बिलासपुर जिले में हड़ताल पर गए 229 पटवारियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की थी। जिला प्रशासन ने उनकी हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए। आठ पटवारियों को निलंबित किया गया, जबकि एक कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई। ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ के सिद्धांत के तहत 102 पटवारियों का वेतन भी रोका गया। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई थी।
बस्तर में 136 पटवारी हड़ताल पर, 99 का ब्रेक इन सर्विस
बस्तर जिले में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं, जिनमें 30 प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी हड़ताल पर चले गए थे, जबकि 44 कर्मचारी काम कर रहे थे। प्रशासन के मुताबिक, सभी हड़ताली कर्मचारियों को पहले नोटिस दिया गया था। काम पर नहीं लौटने के बाद 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया गया और 17 कर्मचारियों को निलंबित किया गया।

जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा कार्रवाई
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, जगदलपुर में 25 पटवारी हड़ताल पर थे। इनमें 23 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस और दो के निलंबन की कार्रवाई हुई। बस्तर तहसील के सभी 16 पटवारी आंदोलन में शामिल थे। प्रशासन ने सभी की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित किया और दो को निलंबित किया। भानपुरी में 14 और बकावण्ड में 13 पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई।
अन्य तहसीलों में भी कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज
लोहण्डीगुड़ा, करपावण्ड और नानगुर में भी हड़ताल में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। तोकापाल, बास्तानार और दरभा तहसीलों में भी ब्रेक इन सर्विस तथा निलंबन के आदेश जारी किए गए। बस्तर प्रशासन की सूची के अनुसार, जिले में कुल 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को सेवा में व्यवधान माना गया और 17 को निलंबित किया गया।
अब राजस्व कामकाज सामान्य होने की उम्मीद
पटवारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व संबंधी कामों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, कर्मचारियों की लंबित मांगों और हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। अब देखना होगा कि सरकार संघ की मांगों पर क्या फैसला लेती है और कर्मचारियों को राहत देने के लिए आगे क्या कदम उठाती है।

