Bihar News : दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता हीराबेन मोदी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी अब तूल पकड़ चुकी है। इस बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा उफान पर है। पटना में शुक्रवार को भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। हालांकि, कुछ ही देर में दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे चलने लगे और एक-दूसरे पर पथराव भी हुआ। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस को बड़ी संख्या में तैनात करना पड़ा।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनका विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन कांग्रेस कार्यालय के अंदर से पत्थर फेंके गए और बंदूक तक दिखाई गई। वहीं कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस मुद्दे पर बिहार सरकार में मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन नबीन ने तीखा बयान देते हुए कहा, “कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की मां का अपमान किया है। एक-एक बिहार का बेटा इसका जवाब देगा। हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आए थे, लेकिन कांग्रेस कार्यालय के अंदर से पत्थर और बंदूक से हमें डराने की कोशिश की गई। भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। हम इस अपमान का बदला जरूर लेंगे।”
दरभंगा में जिस बयान को लेकर विवाद शुरू हुआ, वह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भाजपा समर्थक इस बयान को प्रधानमंत्री के पारिवारिक सम्मान पर हमला मान रहे हैं और पूरे बिहार में विरोध तेज कर दिया गया है। कई जिलों में केस भी दर्ज कराए गए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पटना सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी से बिहार की राजनीति में नया उबाल आ गया है। भाजपा इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन के मूड में है, जबकि कांग्रेस की ओर से स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही है। आने वाले दिनों में यह मामला और बड़ा राजनीतिक मोड़ ले सकता है।










