Bangalore Engineer Death: बेंगलुरु के सुड्डागुंटेपल्या इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शिल्पा पंचांगमठ अपने घर में फांसी के फंदे से लटकी हुई पाई गईं। वह गर्भवती थीं और उनका एक दो साल का बेटा भी है। यह घटना 26 अगस्त को सामने आई और अब इसमें दहेज प्रताड़ना का एंगल खुलकर सामने आया है। पीड़िता की मां ने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने पति प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी के बाद बदल गई जिंदगी
शिल्पा की शादी 5 दिसंबर 2022 को कर्नाटक के गंगावती तालुक के वड्डारहट्टी गांव के निवासी प्रवीण से हुई थी। परिवार ने शादी में करीब 35 लाख रुपये और 150 ग्राम सोना दिया था। शादी के बाद यह दंपति बेंगलुरु के बीटीएम लेआउट में रह रहा था। प्रवीण पहले ओरेकल (Oracle) में काम करता था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद उसने नौकरी छोड़कर पानीपुरी का स्टॉल लगाना शुरू कर दिया।

प्रेग्नेंसी के दौरान भी उत्पीड़न
शिल्पा की मां शारदा और बहन सौम्या ने मीडिया को बताया कि वह डेढ़ महीने की गर्भवती थीं और उनके साथ पिछले कुछ महीनों से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना हो रही थी। 5 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांग को लेकर शिल्पा को पीटा गया और कई बार मायके भेज दिया गया। जब परिवार ने किसी तरह पैसे जुटाए और बेटी को फिर से ससुराल भेजा, तो भी स्थिति नहीं बदली।
चार महीने पहले गोद भराई की चर्चा के दौरान भी बड़ा विवाद हुआ था। 26 अगस्त को अचानक परिवार को सूचना दी गई कि शिल्पा ने आत्महत्या कर ली है। जब वे पहुंचे, तो शिल्पा का शव चादर से ढका हुआ मिला।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्य
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिजनों की शिकायत के आधार पर IPC की धारा 304B (दहेज हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पति प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सास शांतव्वा से पूछताछ जारी है। पुलिस ने कहा है कि यह एक संदिग्ध मौत है और सभी एंगल से जांच की जा रही है।
सामाजिक चेतना की ज़रूरत
शिल्पा पंचांगमठ की मौत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि दहेज प्रथा आज भी शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाओं को नहीं छोड़ती। यह सिर्फ एक महिला की मौत नहीं, बल्कि एक सामाजिक विफलता का प्रतीक है। ज़रूरत है कि हम ना केवल कानून के सहारे, बल्कि सामाजिक सोच में बदलाव लाकर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करें।
Read More : Bihar Women Scheme 2025: बिहार में महिला रोजगार योजना का ऐलान, हर परिवार को मिलेगा 10 हजार रुपये










