Pandit Deendayal Upadhyay Jayanti: भारतीय जनसंघ के संस्थापक और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मां दुर्गा और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की और इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

अंत्योदय की भावना को लेकर संकल्पबद्ध सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों के मार्गदर्शक थे। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान की बात कही। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार गरीबों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के लिए लगातार कार्य कर रही है।”
उन्होंने कहा कि, “गरीबों की सेवा ही सरकार का प्रमुख संकल्प है, और हमारी सभी योजनाएं इसी भावना पर केंद्रित हैं। अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करना ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को सच करने की दिशा में हमारा प्रयास है।”
भाजपा का हर साल आयोजन
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी हर वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को सेवा और समर्पण के संकल्प के रूप में मनाती है। इस बार का आयोजन भी सरकार और संगठन दोनों के लिए गरीबों की सेवा को दोहराने का अवसर बना।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, निगम-मंडल आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य, और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। महिलाएं और युवा कार्यकर्ता विशेष रूप से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।
आत्मनिर्भर और समावेशी भारत की ओर कदम
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एकात्म मानववाद की नीति आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। “हमारी सरकार समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। यही पंडित जी की विचारधारा का मूल है – सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और अब सबका प्रयास।”











