Ambikapur News : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की रात अंबिकापुर के भगवानपुर क्षेत्र में बड़ा बवाल हो गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दिलीप धर और उनके साथियों पर 8–10 हथियारबंद युवकों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस वारदात में दिलीप धर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत देर रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी अनुसार, भगवानपुर में बंग समाज द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान यह घटना घटी। रात करीब 10 बजे जब सोनवाही घाट पर विसर्जन की तैयारी चल रही थी, तभी कांग्रेस नेता दिलीप धर का किसी युवक से विवाद हो गया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और मौके पर मौजूद हथियारबंद बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में दिलीप धर और उनके भाई समेत चार लोग घायल हुए।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भगवानपुर में बंग समाज के दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि दिलीप धर ने पूर्व में पार्षद का चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस घटना को भी उसी गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिलीप धर के बेटे ने पुलिस को कई संदिग्धों के नाम बताए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं दूसरी ओर, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गा विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की हिंसक घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर आरोपियों की तलाश कर रही है।










