अंबिकापुर में जिला कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन के बाद कलेक्टोरेट घेराव कर गिरफ्तारी और चुनाव आयोग के निर्णयों की समीक्षा की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
अंबिकापुर में जिला कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुतला दहन के बाद कलेक्टोरेट घेराव कर गिरफ्तारी और चुनाव आयोग के निर्णयों की समीक्षा की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

Congress Protest : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और उनके कार्यकाल में चुनाव आयोग द्वारा लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से रैली निकाली। घड़ी चौक पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया गया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट का घेराव कर राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्तों के बीच निर्धारित प्रक्रिया के बजाय कई महत्वपूर्ण फैसले एकतरफा तरीके से लिए। कांग्रेस ने विशेष रूप से एसआईआर (SIR) और मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में किए गए बदलावों पर सवाल उठाए।

जिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया के माध्यम से देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि फॉर्म-6 में किए गए बदलावों से नए और युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि समाचार रिपोर्ट के अनुसार चुनाव आयोग के दो अन्य आयुक्तों ने इन निर्णयों को लेकर असहमति जताते हुए 14 डिसेन्ट नोट दिए और कैबिनेट सचिव को भी पत्र लिखा था। कांग्रेस ने इसे चुनाव आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल बताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब मीडिया में सामने आई रिपोर्ट से कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों को बल मिला है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रही है और अब इस विषय पर मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद आम जनता के बीच भी चर्चा बढ़ी है।
प्रदर्शन की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद आम आदमी पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं मोहर लाल सिंह, मूलदेव एक्का और रामचंद्र ठाकुर ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व बीस सूत्रीय कार्यक्रम उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने उन्हें माला एवं पार्टी की पट्टिका पहनाकर सदस्यता दिलाई।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में घड़ी चौक पहुंचे, जहां पुतला दहन कर विरोध जताया गया। प्रदर्शन के बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग की गई।
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ जिला कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और बूथ स्तर के कार्यकर्ता शामिल रहे।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
