Ambikapur News : छठ पूजा की खुशियों के बीच शहर के गोधनपुर इलाके में चोरों ने दो परिवारों को बड़ा झटका दिया। रविवार शाम छठ घाट पर अर्घ्य देने और पूजा में शामिल होने गए दो परिवारों के सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। चोरों ने बड़ी बेखौफी से घरों के मुख्य दरवाजे से लेकर अलमारियों तक के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। दोनों मकानों से करीब 18 से 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। शहर के रिहायशी इलाके में शाम के वक्त हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिक्षक और व्यापारी के घरों को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित पानी टंकी के पास हुई। चोरों ने शिक्षक मनोज सिंह और व्यापारी संजय सिन्हा के मकानों को निशाना बनाया। दोनों परिवार एक ही इलाके में रहते हैं और रविवार को छठ पूजा के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने दोनों सूने मकानों में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य दरवाजे से अलमारियों तक के ताले तोड़े
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले मकानों के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़े और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घरों में रखी तीन अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेट ली। चोरों ने घरों में काफी देर तक तलाशी ली और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

शाम 5 बजे वारदात, रात में लौटने पर चला पता
दोनों परिवार छठ पूजा के लिए घाट गए हुए थे। इसी दौरान रविवार शाम करीब 5 बजे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। परिवार जब रात में पूजा से वापस घर लौटे तो दरवाजों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और डॉग स्क्वायड ने की जांच
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने दोनों मकानों का निरीक्षण कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

रिहायशी इलाके में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
शहर के व्यस्त रिहायशी इलाके गांधीनगर क्षेत्र में शाम करीब 5 बजे दो मकानों में एक साथ चोरी की वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। त्योहार के दौरान जब बड़ी संख्या में लोग पूजा और अन्य आयोजनों के लिए घरों से बाहर निकलते हैं, ऐसे समय में इस तरह की वारदात पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।

