Ambikapur News : शहर में लंबे समय से शासकीय भूमि पर चल रहे अवैध कब्जे के खेल पर आखिरकार नगर निगम का बुलडोजर चला। शनिवार, 30 अगस्त को नगर निगम अमले ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित निगम की जमीन पर से दो मकानों को खाली कराया। चौंकाने वाली बात यह रही कि इन कब्जों में एक नगर निगम के जलप्रदाय शाखा में पदस्थ कर्मचारी की पत्नी का नाम भी सामने आया। मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायत के बाद निगम का उड़नदस्ता दल मौके पर पहुँचा और कार्रवाई को अंजाम दिया।

नगर निगम सूत्रों के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र की सरकारी भूमि पर नीलम दास और नगर निगम कर्मचारी राजवाड़े की पत्नी नीलम राजवाड़े द्वारा अवैध कब्जा कर मकान बना लिया गया था। वार्डवासियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कई बार शिकायत की थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए निगम अमले ने मौके पर पहुँचकर कब्जे हटाए और जमीन को पुनः खाली कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने का खेल चल रहा है। अब जबकि खुद नगर निगम के कर्मचारियों से जुड़े लोगों का नाम सामने आ रहा है, निगम प्रशासन की कार्यवाही को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है।










