CSDS Sanjay Kumar : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर हुए विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर CSDS के संजय कुमार ने पोस्ट डिलीट कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। इस माफी के बाद देश की राजनीतिक गर्माहट बढ़ गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जो वोट चोरी का आरोप लगा रही थी, उसका आधार वही पोस्ट था जिसे अब CSDS के संजय कुमार ने गलत मानते हुए माफी मांगी है। भाजपा ने सीधे राहुल गांधी से सवाल किया है कि क्या अब वे भी देश से माफी मांगेंगे।

संजय कुमार का विवादित दावा और माफी
CSDS के चुनाव विशेषज्ञ संजय कुमार ने पहले दावा किया था कि महाराष्ट्र के रामटेक विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान 4,66,203 वोटर थे, जबकि विधानसभा चुनाव में यह संख्या घटकर 2,86,931 रह गई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में वोटरों की संख्या में लगभग 38% की गिरावट आई है।

संजय कुमार ने इसी तरह देवलीाली विधानसभा सीट के आंकड़ों को लेकर भी ऐसा ही दावा किया था। उनके अनुसार, लोकसभा चुनाव में 4,56,072 वोटर थे, जो विधानसभा चुनाव में घटकर 2,88,141 रह गए।
हालांकि, बाद में संजय कुमार ने अपने इस पोस्ट को डिलीट करते हुए कहा कि उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव के आंकड़ों की तुलना में गलती की है और इसके लिए वे ईमानदारी से माफी मांगते हैं।
बीजेपी का कांग्रेस पर प्रहार
इस माफी के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, “राहुल गांधी का काम अब सिर्फ़ संवैधानिक संस्थाओं को चोर कहना रह गया है। संजय कुमार ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर जो गलत जानकारी दी थी, उसी के आधार पर राहुल गांधी वोट चोरी का आरोप लगा रहे थे। अब जब संजय कुमार ने माफी मांगी है, तो क्या राहुल गांधी भी देश से माफी मांगेंगे?”
भाटिया ने आगे कहा, “यह वही CSDS वाले संजय कुमार हैं जो हिंदुओं की जातियों का सर्वे करते हैं, लेकिन मुसलमानों की बात आते ही झूठे सर्वे के साथ चुप्पी साध लेते हैं। राहुल गांधी कुछ ही दिनों में नेता प्रतिपक्ष भी नहीं रहेंगे और कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।”
सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज की
वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित फर्जी मतदान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की गई थी। लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि याचिका में ऐसी कोई ठोस सामग्री नहीं है जिससे यह सिद्ध हो कि फर्जी मतदान हुआ था। कोर्ट ने यह भी कहा कि यह याचिका कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है।
भाजपा ने इस फैसले को लेकर भी कांग्रेस और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। गौरव भाटिया ने कहा, “राहुल गांधी झूठ का शोरूम चला रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने उनके आरोपों की पोल खोल दी है।”
राजनीतिक तनाव में इजाफा
CSDS के संजय कुमार द्वारा माफी मांगने के बाद देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस का आरोप था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वोटरों की संख्या में भारी गिरावट से चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है और वोट चोरी हुई है। लेकिन अब जब CSDS के विशेषज्ञ ने अपनी गलती मान ली है, तो भाजपा इसका बड़ा राजनीतिक फायदा उठा रही है।
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि इस मामले ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पारा और बढ़ा दिया है। दोनों पार्टियां इस मुद्दे को लेकर चुनावी जंग तेज कर रही हैं।
Read More : Jailer 2 Shooting : मिथुन चक्रवर्ती और रजनीकांत करेंगे ‘जेलर 2’ में स्क्रीन शेयर, शुरू हुई शूटिंग










