Delhi raipur flight delay: एयर इंडिया विस्तारा की दिल्ली से रायपुर आ रही फ्लाइट AI-2797 में लैंडिंग के बाद तकनीकी खराबी के चलते एक घंटे तक यात्री विमान के अंदर फंसे रहे। रविवार रात रायपुर एयरपोर्ट पर यह घटना उस समय हुई, जब विमान ने देर से लैंडिंग की और उसके बाद गेट नहीं खुल पाने की समस्या सामने आई। विमान में छत्तीसगढ़ के कोटा से विधायक अटल श्रीवास्तव भी सवार थे।

क्या हुआ था फ्लाइट AI-2797 में?
एयर इंडिया विस्तारा की फ्लाइट AI-2797 को शाम 7:50 बजे दिल्ली से रवाना होना था, लेकिन यह विमान देर से उड़ान भरते हुए रात 10:15 बजे रायपुर पहुंचा। जैसे ही यात्रियों को लगा कि वे अब विमान से बाहर निकल पाएंगे, तभी तकनीकी खराबी ने सभी को परेशान कर दिया। विमान का गेट नहीं खुला, जिससे विमान के अंदर घबराहट और बेचैनी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि गेट नहीं खुल पाने की वजह करेंट सप्लाई फेल होना थी। इस तकनीकी गड़बड़ी को तुरंत ठीक नहीं किया जा सका। इसके बाद इंडिगो एयरलाइन के इंजीनियरों को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद गेट को खोला और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
विमान में अफरा-तफरी का माहौल
विमान में सवार यात्रियों के अनुसार, वेंटिलेशन की भी समस्या हो गई थी, जिससे घुटन की स्थिति बन गई थी। कई यात्री डरे हुए थे और विमान कर्मियों से बार-बार पूछ रहे थे कि गेट क्यों नहीं खोला जा रहा। बाहर इंतजार कर रहे यात्रियों के परिजन भी बेहद परेशान नजर आए। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह यात्री सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।
दूसरी फ्लाइट में भी तकनीकी गड़बड़ी
इसी के साथ एयर इंडिया की एक और फ्लाइट AI-2455 में भी रविवार को तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली। यह फ्लाइट तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही थी, लेकिन तकनीकी खराबी और खराब मौसम के चलते इसे चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस फ्लाइट में कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल समेत पांच सांसद सवार थे।
वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी दी और कहा कि विमान को एक बार रनवे से वापस हवा में ले जाना पड़ा था। उन्होंने इस घटना को “त्रासदी के बेहद करीब” बताते हुए DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से जांच की मांग की।
बढ़ती तकनीकी समस्याएं, सवालों के घेरे में एयरलाइंस
लगातार दो फ्लाइट्स में तकनीकी गड़बड़ियों की घटनाएं सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एयरलाइंस की तकनीकी तैयारियों और मेंटेनेंस सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं।
जहां एक ओर सरकार विमानों की निगरानी और एयर ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर दावा करती है, वहीं इन घटनाओं ने व्यवस्थाओं की हकीकत सामने ला दी है। अब देखना होगा कि एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियां इस पर क्या कार्रवाई करती हैं।
एक ही दिन में दो फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी ने एयर इंडिया की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और विश्वसनीयता को प्राथमिकता देने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Read More : Chhattisgarh rain alert: छत्तीसगढ़ में फिर बारिश की संभावना, तापमान में राहत मिलने की उम्मीद











