Dhirendra Shastri Meets Yogi Adityanath : लखनऊ में बुधवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत चली। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री और धीरेंद्र शास्त्री के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी मुलाकात हुई है। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास सनातन धर्म को आगे बढ़ाना और लोगों को एकजुट करना है। इस दौरान उन्होंने जातिवाद को समाप्त करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
जात-पात खत्म हो, सभी हिंदू एकजुट हों: धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि देश से जात-पात की विदाई होनी चाहिए और सभी हिंदुओं को एकजुट होकर रहना चाहिए। उनके मुताबिक, कथा और दिव्य दरबार आयोजित करने के पीछे उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं है, बल्कि समाज को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठाकर राष्ट्रवाद की भावना से जोड़ना भी है।

उन्होंने कहा कि उनकी कथाओं में जाति की दीवारें टूटनी चाहिए और सनातन धर्म को मानने वाले सभी लोगों के बीच एकता मजबूत होनी चाहिए। शास्त्री ने स्पष्ट किया कि वह समाज में आपसी भेदभाव खत्म करने और सनातनियों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहे हैं।

अखिलेश यादव के बयान पर भी दिया जवाब
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की एक टिप्पणी को लेकर भी धीरेंद्र शास्त्री से सवाल किया गया। अखिलेश ने उनके यहां कथा आयोजित कराने वाले कुछ राजनीतिक नेताओं की चुनावी हार का जिक्र किया था। इस पर शास्त्री ने कहा कि वह किसी राजनीतिक व्यक्ति की जीत या हार के लिए कथा नहीं करते।
उन्होंने कहा कि उनके यहां सभी समाजों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग आते हैं। जो लोग बालाजी और जनता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं, उन्हें सफलता मिलती है। उनका कहना था कि धार्मिक आयोजनों को चुनावी राजनीति से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

मुंबई में 26/11 के शहीदों के लिए करेंगे 108 कुंडीय यज्ञ
बातचीत के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने अपने आगामी धार्मिक कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के मुंबई में 26/11 आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और वीर जवानों की आत्मा की शांति के लिए 108 कुंडीय यज्ञ आयोजित किया जाएगा।
इसके साथ ही मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तीन दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन भी प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ धार्मिक संदेश भी दिया जाएगा।
कुंडा की रामकथा में भगवा झंडे को लेकर की थी अपील
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हाल ही में प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान दिए गए अपने बयानों को लेकर भी चर्चा में रहे थे। 19 नवंबर को उन्होंने हिंदुओं से अपने घरों के बाहर भगवा झंडा लगाने की अपील की थी। साथ ही भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया था।
उन्होंने कहा था कि केवल खुद को सनातनी बताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्ति के व्यवहार और आचरण में भी सनातन संस्कृति दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने तिलक लगाने, रामायण की चौपाइयों का पाठ करने और भगवान राम के बताए मार्ग पर चलने की बात कही थी।
काशी-मथुरा और भगवा ध्वज का भी किया था जिक्र
कुंडा की कथा में धीरेंद्र शास्त्री ने काशी और मथुरा का भी उल्लेख किया था। उन्होंने हिंदू बहुल गांवों में भगवा झंडे नहीं दिखाई देने पर सवाल उठाए थे। साथ ही भगवा ध्वज को हनुमान जी की उपस्थिति और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया था। अब योगी आदित्यनाथ से उनकी मुलाकात और हिंदू एकता को लेकर दिया गया बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।

