Ambikapur News : गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में जारी संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में आज रोमांचक मुकाबले खेले गए। जहां फुटबॉल क्लब जामदोहर और पीजी-11 अंबिकापुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। दर्शकों की जोरदार तालियों और खिलाड़ियों के जज़्बे ने मैदान का माहौल पूरे समय जोशीला बनाए रखा।

पहला मुकाबला : जामदोहर बनाम परसोढी
दिन के पहले मैच में फुटबॉल क्लब जामदोहर ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने पहले हाफ में लगातार दो गोल दागते हुए 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में परसोढी की टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जामदोहर की मजबूत डिफेंस और गोलकीपिंग के आगे कोई खास मौका नहीं बना सकी। अंततः जामदोहर ने मुकाबला 2-0 से जीत लिया।

दूसरा मुकाबला : पीजी-11 अंबिकापुर बनाम न्यू बॉयज क्लब बृजनगर
दूसरे मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में पीजी-11 ने गोल कर बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में बृजनगर ने बराबरी की कोशिश की लेकिन पीजी-11 की डिफेंस मजबूत रही। खेल के अंतिम चरण में पीजी-11 ने एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि, आखिरी मिनट में बृजनगर ने एक गोल दागा लेकिन हार टाल नहीं सके। मुकाबला पीजी-11 ने 2-1 से अपने नाम किया।
आज के मैचों के निर्णायक विल्सन कुजूर, आयुष, अंकुश, अनुप्रास, अखिलानंद और दीपक कुजूर थे।










