Ambikapur News : गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में चल रहे संभाग स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में शनिवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

दिन के पहले मैच में सेंट जेवियर अंबिकापुर और संत इग्नासूस चर्च नमनाकला आमने-सामने हुए। शुरुआती हाफ में दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर गोल दागने के प्रयास किए। इसी दौरान नमनाकला के खिलाड़ी लुकस ने लगातार दो गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में सेंट जेवियर ने वापसी की कोशिश की और एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन आखिरकार नमनाकला की टीम ने मुकाबला 2-1 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।

दूसरे मैच में फुटबॉल क्लब खजूरी और डी. ब्रदर बढ़नीझरिया के बीच मुकाबला हुआ। पहले हाफ में बढ़नीझरिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अंजन और विजय के गोल की बदौलत 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में भी बढ़नीझरिया का दबदबा कायम रहा और अंजन ने एक और गोल दागा। खजूरी की टीम ने काफी दबाव बनाया, मगर गोल नहीं कर सकी। इस तरह बढ़नीझरिया ने मैच 3-0 से अपने नाम किया।
आज के मैच के निर्णायक ललित किशोर, आयुष, अंकुश, दीपक कुजूर, कमलेश किस्पोट्टा, अखिला राजवाड़े, विनोद सिंह और मंगल कुमार रहे।










