Delimitation Bill : महाराष्ट्र की राजनीति में परिसीमन विधेयक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भीतर मतभेद सामने आने लगे हैं। अब इस विवाद में विधायक रोहित पवार ने खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने पार्टी की कार्याध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले को एक भावुक पत्र लिखकर संसद में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के खिलाफ मतदान करने की अपील की है। रोहित पवार ने अपने पत्र में शरद पवार की खराब तबीयत का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे समय में उनके जीवनभर के प्रगतिशील विचारों और राजनीतिक विरासत पर कोई दाग नहीं लगना चाहिए। उनके इस पत्र से पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक चर्चा और तेज हो गई है।
रोहित पवार ने सुप्रिया सुले से की परिसीमन बिल के विरोध की अपील
रोहित पवार ने अपनी चिट्ठी में सुप्रिया सुले से आग्रह किया कि वह किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना परिसीमन विधेयक के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाएं। उन्होंने पार्टी के सांसदों और नेताओं से भी अपील की कि सत्ता के दबाव में संविधान और पार्टी की विचारधारा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।उन्होंने यहां तक लिखा कि जिन नेताओं को सत्ता के साथ जाना है, उन्हें जाने दिया जाए, लेकिन पार्टी को अपने मूल सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से समझौता नहीं करना चाहिए। रोहित ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में शरद पवार गुट के सभी सांसदों को भी टैग किया है।

2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन पर उठाए सवाल
रोहित पवार ने परिसीमन विधेयक के संभावित प्रभावों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर 2011 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन किया जाता है, तो अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है।उन्होंने सवाल किया कि जब देश में नई जनगणना की प्रक्रिया चल रही है, तब परिसीमन को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है? उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के जरिए अपने राजनीतिक हितों के अनुकूल चुनावी परिस्थितियां तैयार करने की कोशिश हो सकती है।

असम परिसीमन का उदाहरण देकर पारदर्शिता पर सवाल
रोहित पवार ने असम में हुई परिसीमन प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए इसकी पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ जोड़ने की आवश्यकता पर भी सवाल उठाया। उनका तर्क है कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है, ऐसे में दोनों मुद्दों को एक साथ जोड़ने के पीछे क्या वजह है, इस पर चर्चा होनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की भावनाओं को महत्व देने की मांग
रोहित पवार ने अपने पत्र में कहा कि पार्टी के किसी भी बड़े फैसले में केवल सांसदों और विधायकों की राय को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। लाखों कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की भावनाओं को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने सुप्रिया सुले से आग्रह किया कि वह पार्टी की विचारधारा और शरद पवार की राजनीतिक विरासत को ध्यान में रखकर फैसला लें।

परिसीमन बिल पर NCP-SP के भीतर पहले से जारी है असमंजस
दरअसल, परिसीमन विधेयक को लेकर NCP-SP का रुख पिछले कुछ दिनों से चर्चा में है। सुप्रिया सुले पहले कह चुकी हैं कि पार्टी विधेयक के मसौदे का अध्ययन करने के बाद अपना फैसला करेगी। वहीं, कुछ नेताओं ने समान रूप से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने जैसी शर्तों के आधार पर विधेयक का समर्थन करने की संभावना जताई थी।दूसरी तरफ, पार्टी के कई सांसदों का कहना है कि उन्हें अभी तक अंतिम निर्णय की जानकारी नहीं दी गई है। पार्टी के सभी आठ लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष संसद सत्र में उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया गया है।
30 नवंबर की बैठक पर टिकी निगाहें, क्या होगा अंतिम फैसला?
पार्टी सांसदों ने 30 नवंबर को सुप्रिया सुले के साथ बैठक कर परिसीमन विधेयक पर चर्चा करने की बात कही है। ऐसे में रोहित पवार की चिट्ठी ने पार्टी के भीतर चल रही बहस को सार्वजनिक कर दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुप्रिया सुले और शरद पवार गुट के सांसद विधेयक का विरोध करेंगे या अपनी शर्तों के आधार पर समर्थन का रास्ता चुनेंगे। इसका जवाब विशेष संसद सत्र में सामने आ सकता है।

