Durg Jamul Murder : दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। वार्ड-22 स्थित कुरूद बाजार चौक में एक युवक ने कहासुनी के बाद 40 वर्षीय पुरन भारती पर ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पुरन भारती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक घटना के समय एक कमरे में मामा मनीष बघेल और उसका भांजा राज जोशी शराब पी रहे थे। इसी दौरान उतई खोपली निवासी पुरन भारती भी वहां पहुंच गया। इसके बाद तीनों एक साथ बैठकर शराब पीने लगे। कुछ समय बाद किसी बात को लेकर पुरन भारती और राज जोशी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बातचीत विवाद में बदल गई और दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी।
कहासुनी के बाद ईंट-पत्थर से किया हमला
बताया गया है कि विवाद बढ़ने के बाद राज जोशी ने पुरन भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में पुरन के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा। सिर में लगी गंभीर चोट के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पक्ष में भी हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
आरोपी के मामा ने पुलिस को दी घटना की जानकारी
घटना की सूचना आरोपी के मामा मनीष बघेल ने स्वयं पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही जामुल थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके पर मौजूद मामा-भांजे दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसएसपी ने बताया दो संदिग्ध हिरासत में
दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि घटना के समय तीन लोग शराब पीने के लिए बैठे थे। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी और उसके बाद युवक की मौत हुई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एसएसपी के अनुसार घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा शव
दुर्ग पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी बालिग है। मृतक पुरन भारती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आएगी हत्या की पूरी वजह
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटना से पहले हुई बातचीत और विवाद के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमला अचानक हुए विवाद का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More : Asian Games 2026: भारत की बेटियों ने पाकिस्तान को टेबल टेनिस में धोया, एशियन गेम्स में 3-0 जीत