ICC Women’s World Cup 2025: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के आठवें लीग मुकाबले में इंग्लैंड महिला टीम ने बांग्लादेश को 4 विकेट से मात देकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस रोमांचक लो-स्कोरिंग मुकाबले में इंग्लैंड ने शानदार गेंदबाज़ी और कप्तान हेदर नाइट की संयमित बल्लेबाज़ी की बदौलत जीत हासिल की। बांग्लादेश की पारी ढही 178 रनों पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी बांग्लादेश महिला टीम ने 49.4 ओवर में 178 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सोभना मोस्तारी ने सर्वाधिक 60 रन बनाए, जबकि रबेया खान ने 27 गेंदों में तेज़तर्रार नाबाद 43 रन जोड़े। रुबिया हैदर ने भी 30 रन की अहम पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज़ दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच सकीं। बांग्लादेश की टीम ने 211 डॉट गेंदें खेलीं, जिससे साफ हुआ कि इंग्लिश गेंदबाज़ों ने उन्हें बांधकर रखा। इंग्लैंड की ओर से सोफी एक्लेस्टन ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 3 विकेट झटके। लिन्सी स्मिथ, चार्ली डीन और एलिस कैप्सी को 2-2 सफलता मिली, जबकि लॉरेन बेल ने 1 विकेट लिया। हेदर नाइट की कप्तानी पारी से इंग्लैंड की जीत लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और दोनों ओपनर्स 29 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। लेकिन इसके बाद हेदर नाइट और नैट सिवर-ब्रंट ने पारी को संभाला। हालांकि सिवर-ब्रंट 32 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन कप्तान नाइट ने मोर्चा संभालते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। हेदर नाइट ने 111 गेंदों पर नाबाद 79 रन बनाए और एलिस कैप्सी तथा चार्ली डीन के साथ अहम साझेदारियां कर इंग्लैंड को जीत की ओर ले गईं। इंग्लैंड ने यह लक्ष्य 46.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड टॉप पर, भारत को झटका इस जीत के साथ इंग्लैंड की टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है। भारत और इंग्लैंड दोनों ने अब तक 2-2 मैच जीते हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (NRR) के चलते इंग्लैंड टॉप पर है और भारत दूसरे स्थान पर खिसक गया है।इंग्लैंड की यह जीत न सिर्फ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि टूर्नामेंट में उनकी स्थिति को भी मजबूत करेगी। दूसरी ओर, भारतीय टीम को अब आने वाले मुकाबलों में नेट रन रेट पर भी ध्यान देना होगा ताकि सेमीफाइनल की दौड़ में टॉप पोजिशन बनाए रखी जा सके। Read More : Prithvi Shaw Dismissal Viral Video: 181 रन पर आउट होकर भड़के पृथ्वी शॉ, गेंदबाज पर उठाया बल्ला – लाइव मैच में झगड़े का वीडियो वायरल
















