Earthquake in Philippines: फिलीपींस में सोमवार को एक भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई। रिक्टर स्केल पर 6.9 तीव्रता के झटकों ने सेंट्रल विसायास क्षेत्र के सेबू प्रांत को हिला कर रख दिया। भूकंप का केंद्र बो गो शहर के पास विसायन सागर में पाया गया, जिसकी गहराई मात्र 5 से 10 किलोमीटर थी। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई इमारतें धराशायी हो गईं, और मलबे के नीचे दबकर 60 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

दहशत में भागे लोग, अस्पतालों में भीड़
इस आपदा में दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। झटकों के बाद लोग दहशत में अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सरकारी एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं।

‘रिंग ऑफ फायर’ में स्थित है फिलीपींस
फिलीपींस का भूगोल उसे प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील बनाता है। यह देश प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ नामक क्षेत्र में आता है, जो भूकंपीय गतिविधियों के लिए कुख्यात है। इस क्षेत्र में टेक्टोनिक प्लेट्स की गतिविधियों के कारण अक्सर तेज़ भूकंप आते रहते हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र
सेबू के अलावा लेयते, बोहोल, समर, नेग्रोस और बिलिरान क्षेत्रों में भूकंप का खासा असर देखा गया। सैन रेमिजियो में एक व्यक्ति मलबे में दबकर मारा गया। सेबू सिटी के एक अस्पताल को ढहने के खतरे के चलते खाली कराना पड़ा। धार्मिक स्थलों को भी नुकसान पहुंचा है – दानबंतायन के सांता रोसा डे लीमा चर्च का हिस्सा गिर गया, जबकि बंतायन के चर्च में दरारें आई हैं।
आफ्टरशॉक्स और सुनामी अलर्ट
भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता भी 6 के आसपास रही। शुरुआत में PHIVOLCS ने सुनामी की चेतावनी भी जारी की थी, जिसे बाद में हटा दिया गया। इसके बावजूद लोगों में डर और दहशत का माहौल है।
आपात स्थिति और सरकारी कदम
सैन रेमिजियो शहर में आपदा की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। NGCP ने ग्रिड सेपरेशन की रिपोर्ट दी, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। ओस्मेन ब्रिज को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर सेबू, लापू-लापू, तालिसाय सहित कई शहरों में 1 अक्टूबर को सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय मदद और समर्थन
कनाडा दूतावास ने भूकंप प्रभावितों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है और आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। स्थानीय स्वयंसेवी संगठन और बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं।
फिलीपींस ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित होने के कारण अक्सर भूकंप का सामना करता है, लेकिन यह भूकंप काफी विनाशकारी रहा है। जन-धन की हानि को देखते हुए सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समन्वय के साथ राहत और पुनर्वास का कार्य तेजी से चल रहा है।











