Raipur factory fire: राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा चौकी अंतर्गत जेसी रिक्लेमेशन नामक तेल फैक्ट्री के डंप यार्ड में आज सुबह आग लग गई। डंप यार्ड में जमा पुराने टायरों के कारण आग तेजी से फैल गई और करीब 3 किलोमीटर दूर तक आसमान में काले धुएं का गुबार दिखाई दिया। हालांकि, समय रहते फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

डंप यार्ड में जमा थे पुराने टायर
चौकी प्रभारी राजेंद्र कंवर ने बताया कि आग सुबह 10:30 बजे लगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची। आग फैक्ट्री के डंप यार्ड के उस हिस्से में लगी थी जहां पुराने टायरों का बड़ा ढेर रखा गया था। टायरों के कारण आग तेजी से फैली और आस-पास के इलाकों में घनी काली धुंआ छा गया।

फायर ब्रिगेड ने किया बड़ा काम
गोदावरी और सारडा प्लांट से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाकर आग बुझाने में मदद ली गई। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग को फैक्ट्री के तेल उत्पादन वाले हिस्से तक पहुंचने से रोक दिया। यदि आग तेल के स्टोरेज तक पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।
तेल फैक्ट्री में भी था स्टोरेज, बड़ी दुर्घटना टली
जेसी रिक्लेमेशन फैक्ट्री में टायरों की मदद से तेल का उत्पादन किया जाता है। डंप यार्ड में लगी आग फैक्ट्री के तेल स्टोरेज के नजदीक थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की तत्परता और फैक्ट्री प्रबंधन की मदद से आग को फैला होने से रोका गया। इससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पुलिस और फायर ब्रिगेड की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। फैक्ट्री परिसर में जांच जारी है ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

किसी के घायल होने की सूचना नहीं
घटना के दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। डंप यार्ड में रखे टायर जलकर राख हो गए हैं, जिससे फैक्ट्री को काफी नुकसान हुआ है।
पुलिस जांच जारी
धरसींवा पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री प्रबंधन के सहयोग से घटनास्थल का मुआयना किया जा रहा है। पुलिस आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जांच कर रही है।
Read More : Chhattisgarh monsoon: छत्तीसगढ़ में मानसून का अंतिम दौर, भारी बारिश से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त











