Firozabad Viral Video : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से शादी समारोह के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने अपने होने वाले पति को एक दूसरी युवती के साथ कमरे में देख लिया था। इस घटना के बाद मैरिज हॉल में दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। देखते ही देखते शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं। मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन शादी का लाल जोड़ा पहने और हाथों में मेहंदी लगाए सीधे पुलिस थाने पहुंच गई। उसने साफ शब्दों में कह दिया कि अब वह इस युवक के साथ शादी नहीं करना चाहती।
फिरोजाबाद के मैरिज होम में शादी के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित गोपाल मैरिज होम का है। यहां 20 नवंबर की रात 26 वर्षीय आकाश और 24 वर्षीय काजल की शादी हो रही थी। दोनों परिवारों में विवाह समारोह को लेकर उत्साह था। शादी की रस्में चल रही थीं और जयमाला का कार्यक्रम भी पूरा हो चुका था। इसके बाद दूल्हा और दुल्हन एक कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान एक दूसरी युवती के वहां पहुंचने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

दूल्हे पर दूसरी लड़की को कमरे में बुलाने का आरोप
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हे ने एक दूसरी लड़की को कमरे में बुलाया था। इतना ही नहीं, उसने अपनी होने वाली पत्नी से कमरे से बाहर जाने के लिए भी कहा। इस व्यवहार से काजल को शक हुआ और उसने दूल्हे के साथ शादी करने से इनकार कर दिया। जब यह बात परिवार के अन्य सदस्यों तक पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मैरिज हॉल में मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता चला गया।

लाल जोड़े और मेहंदी लगे हाथों में थाने पहुंची दुल्हन
मैरिज हॉल में विवाद बढ़ने के बाद काजल ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया। वह शादी के लाल जोड़े में ही अपने परिजनों के साथ थाना उत्तर पहुंच गई। उसके हाथों में शादी की मेहंदी लगी हुई थी। दुल्हन ने पुलिस के सामने अपनी बात रखते हुए दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसने स्पष्ट कर दिया कि जिस युवक के व्यवहार पर उसे संदेह हुआ है, उसके साथ अब वह किसी भी कीमत पर विवाह नहीं करेगी। इस घटना की चर्चा इलाके में होने लगी।
The wedding venue was decorated..the bride and groom had already exchanged garlands.
Just a few hours later, they were to take seven vows and circle the sacred fire..but God had other plans.
After the garland exchange, the groom was caught in a room with another girl…
The… pic.twitter.com/H0rht77ulq
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) November 21, 2026

दूल्हे आकाश ने थाने पहुंचकर दी अपनी सफाई
दुल्हन के थाने पहुंचने के बाद दूल्हा आकाश भी पगड़ी और शेरवानी पहनकर पुलिस के सामने पहुंच गया। उसने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया। आकाश का कहना है कि कमरे में मिलने आई युवती उसके दोस्त की बहन थी। वह गुड़गांव में नौकरी करती है और कासगंज में रहती है। युवती शादी समारोह में शामिल होने आई थी और उसे वापस लौटने की जानकारी देने के लिए आकाश से मिलने पहुंची थी।
दूल्हे ने कैमरामैन पर लगाया गलतफहमी फैलाने का आरोप
आकाश ने अपनी सफाई में कहा कि उसने कमरे का दरवाजा बंद नहीं किया था और न ही काजल को बाहर जाने के लिए कहा था। उसके मुताबिक, कमरे से बाहर जाने वाली बात कैमरामैन ने कही थी। इसी वजह से गलतफहमी पैदा हुई और विवाद इतना बढ़ गया। फिलहाल इस मामले में दूल्हा और दुल्हन दोनों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जयमाला के बाद आखिर कमरे में ऐसा क्या हुआ, जिसने शादी को विवाद में बदल दिया।

